उज्ज्वल हिमाचल। ज्वालामुखी
ज्वालामुखी के शिव मंदिर व प्राचीन काल शिवालय मंदिर में महाशिवरात्री बड़ी धूम -धाम से मनाई गई। यहां शिवालय मंदिर में सुबह से ही शिव भक्तों ने शिव शंकर का पूजन करना शुरू कर दिया और भोले के जयकारे गूंजते रहे। शिव भक्तों ने भोले नाथ को दूध, गंगाजल, दही, शहद, शक़्कर व फल, भांग, धतूरा आदि से जलाभिषेक किया। काल शिवालय में भक्तों के लिये फलाहार का भंडारा भी लगाया गया।
इस बारे में पुजारी अविनेद्र शर्मा ने विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि काल शिवालय मंदिर में शिवरात्रि का विशेष पूजन किया गया। शिवरात्री पर्व भोले नाथ व शिव शंकर भगवान का सबसे बड़ा त्यौहार है आज ही के दिन भोले नाथ का विवाह माता पार्वती से सम्पन्न हुआ था। यह फागुन मास की कृष्ण पक्ष चतुर्दशी को शिवरात्री महोत्सव पूरे देश में धूमधाम से मनाया जाता है। सभी भक्तजन आज के दिन शिव का पंचोउपचार, दशोउपचार , षोडषउपचार पूजन करते हैं। भोले नाथ अपने सभी भक्तों की मनोकामनाओं को पूरी करते हैं।
यह दिन सभी भक्तों के लिए बड़ा पुण्य का दिन होता है। भोले शंकर का आज के दिन पूजन करने से पूरे साल का फल प्राप्त होता है। प्राचीन काल शिवालय मंदिर में आज सभी भक्तों के लिए फलाहार के भंडारे का भी आयोजन किया गया। वही ज्वालामुखी के सभी छोटे बड़े शिव मंदिरों में भी शिवरात्रि धूमधाम से मनाई गई और कई जगहों पर भंडारे का आयोजन किया गया। ज्वालामुखी उपमंडल के शिव मंदिरों में आज हजारों श्रद्धालुओं ने भोले बाबा के दर्शन किये।
संवाददाता : पंकज शर्मा