महंगाई: गले में आलू-प्याज की माला पहनकर भाजपा को कोसा

उज्जवल हिमाचल। शिमला

देश में बढ़ती महंगाई के खिलाफ महिला कांग्रेस ने भी मोर्चा खोल दिया है। महिला कांग्रेस ने आज कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन से लोअर बाज़ार से होते हुए गले में आलू-प्याज की माला पहनकर उपायुक्त कार्यालय तक रैली निकाली और केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। महिला कांग्रेस अध्यक्ष जैनब चंदेल ने कहा कि आज महंगाई चरम पर पहुंच गई है जिससे आम लोगों को अपना घर चलाना मुश्किल हो गया है।

  • डबल इंजन की सरकार आज ट्रबल इंजन की सरकार: जैनब चंदेल

उन्होंने कहा कि आलू प्याज के अलावा तेल, दालों के दाम आसमान छू रहे हैं। डबल इंजन की सरकार आज लोगों के लिए ट्रबल इंजन की सरकार बन गई है। गरीबों के हित की बात करने वाली मोदी सरकार ने महंगाई से गरीबों को ही खत्म कर दिया है। चंदेल ने कहा कि जब देश मे आलू की कमी हो गई थी तो सरकार ने आलू बाहर क्यों निर्यात किया।

सरकार ने आज देश में हर जरुरी चीज की कीमत 80 के पार पहुंचा दी है। जिससे आम लोगों का जीना दूभर हो गया है कांग्रेस इसे बर्दाश्त नही करेगी।