उज्जवल हिमाचल । कांगड़ा
प्रसिद्ध कांगड़ा मंदिर को जाने वाले मुख्य मार्ग पर बेतरतीब तरीके से खड़े किए जा रहे दोपहिया वाहन श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का कारण बने हुए हैं। मंदिर मार्ग पर वाहनों की संख्या बढ़ने से रास्ता संकरा हो जाता है, जिससे पैदल चलने वाले लोगों के साथ-साथ अन्य वाहनों को भी आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
बताया जा रहा है कि कई लोग अपने दोपहिया वाहन मंदिर मार्ग के किनारे ही खड़े कर देते हैं। इससे विशेषकर भीड़ के समय स्थिति और अधिक विकट हो जाती है। श्रद्धालुओं को कई बार खड़े वाहनों के बीच से होकर गुजरना पड़ता है, जिससे उन्हें असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मंदिर मार्ग पर दोपहिया वाहनों की पार्किंग को व्यवस्थित किया जाए और निर्धारित पार्किंग स्थल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही सड़क किनारे बेतरतीब वाहन खड़े करने वालों पर उचित कार्रवाई की जाए, ताकि मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को सुचारू आवाजाही की सुविधा मिल सके।





