नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस को मिली बड़ी सफलता, 17.46 ग्राम चिट्टे के साथ दो युवक गिरफ्तार

उज्जवल हिमाचल । नूरपुर

नूरपुर पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत इंदौरा क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को 17.46 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपी मोटरसाइकिल पर सवार होकर जा रहे थे, जिन्हें पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान दबोच लिया।

जिला पुलिस के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डी.सी. वर्मा ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने काठगढ़-इंदौरा मार्ग पर नाकाबंदी की थी। इसी दौरान एक काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल (HP 97A-8273) को जांच के लिए रोका गया। तलाशी लेने पर दोनों युवकों के कब्जे से 17.46 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साहिल कुमार उर्फ लब्बी (25 वर्ष), पुत्र अशोक कुमार तथा नितिन कुमार उर्फ नन्नू (26 वर्ष), पुत्र बलविंदर, दोनों निवासी वार्ड नंबर-3, वीपीओ इंदौरा, पुलिस जिला नूरपुर, हिमाचल प्रदेश के रूप में हुई है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना इंदौरा में मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगामी जांच जारी है तथा दोनों आरोपियों को पुलिस रिमांड के लिए अदालत में पेश किया जाएगा।

नूरपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

संवाददाता: विनय महाजन 

Please share your thoughts...