उज्ज्वल हिमाचल। चंबा
चंबा जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने उत्तर भारत की प्रसिद्ध मणिमहेश यात्रा पर अस्थायी रोक लगा दी है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए हड़सर से आगे की यात्रा पूरी तरह से बंद कर दी है। इस बीच, यात्रा पर निकले जम्मू-कश्मीर के एक श्रद्धालु की दुर्भाग्यपूर्ण मौत हो गई, जिससे श्रद्धालुओं में दहशत का माहौल बन गया है।

मृतक की पहचान 41 वर्षीय देवेंद्र सिंह के रूप में हुई है, जो जम्मू-कश्मीर के डोडा गांव के रहने वाले थे। यह दुखद घटना तब हुई जब धनछो के पास गुईनाला में पहाड़ी से गिरे पत्थर की चपेट में आने से उनकी जान चली गई। 16 अगस्त को जन्माष्टमी के अवसर पर छोटा न्हौण (स्नान) के लिए हजारों श्रद्धालु मणिमहेश झील की ओर जा रहे थे, लेकिन यात्रा पर रोक लगने और रास्ते बंद होने के कारण वे बीच में ही फंस गए हैं।

भारी बारिश की वजह से चंबा-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग पर कई जगहों पर भूस्खलन और पत्थर गिरने की घटनाएं हुई हैं, जिससे श्रद्धालुओं को घंटों जाम में फंसे रहना पड़ रहा है। प्रशासन के अनुसार, लगातार बारिश के कारण सड़क के कई हिस्सों में मलबा और बड़े-बड़े पत्थर गिर रहे हैं, जिससे पैदल यात्रियों और वाहन चालकों की जान को खतरा है। जगह-जगह जाम की स्थिति को देखते हुए, जेसीबी मशीनों की मदद से रास्ते को साफ करने का प्रयास किया जा रहा है।





