इस दिन से शुरू होगी मणिमहेश यात्रा, ऑन -डिमांड बसों की होगी सुविधा

उज्ज्वल हिमाचल। चंबा

विश्वप्रसिद्ध मणिमहेश यात्रा के दौरान परिवहन निगम श्रद्धालुओं को ऑन डिमांड बस सेवा उपलब्ध करवाएगा। मणिमहेश यात्रा के श्रद्धालुओं को सुगम व सुरक्षित बनाने को लेकर परिवहन निगम के विभिन्न डिपुओं से अठारह अतिरिक्त बसें चंबा पहुंच रही है। परिवहन निगम चंबा डिपो के डीडीएम शुगल सिंह ने खबर की पुष्टि की है। इस वर्ष मणिमहेश यात्रा का आयोजन अधिकारिक तौर से 16 से 31 अगस्त तक किया जा रहा है। इस अवधि में मणिमहेश की पवित्र डल में आस्था की डुबकी लगाने के लिए देश के विभिन्न हिस्सों से लाखों की तादाद में श्रद्धालु पहुंचेंगे।

उधर, परिवहन निगम चंबा डिपो के डीडीएम शुगल सिंह ने बताया कि मणिमहेश यात्रा के लिए प्रदेश के विभिन्न डिपुओं से अठारह अतिरिक्त बसों की डिमांड की गई थी। उन्होंने बताया कि इन बसों का चंबा पहुंचने का सिलसिला आरंभ हो गया था। उन्होंने बताया कि मणिमहेश यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को ऑन डिमांड बस सेवा उपलब्ध करवाई जाएगी।

मणिमहेश यात्रा में जन्माष्टमी के पावन अवसर पर डल झील में होने वाले छोटे न्हौण के लिए पड़ोसी राज्य जम्मू-कश्मीर से श्रद्वालुओं का पहला जत्था रविवार को भरमौर पहुंचा। वहीं, यात्रा पर अन्य श्रद्धालुओं के जाने का क्रम भी यहां पर आरंभ हो गया हैं। इसके चलते चौरासी मंदिर परिसर में भी रौनक लौट आई है। श्रद्धालुओं ने बताया कि वह प्रसिद्ध भरमाणी माता मंदिर में माथा टेकने के उपरांत जन्माष्टमी पर्व पर होने वाले पवित्र स्नान में शामिल होने के लिए सोमवार को भरमौर से अपने अगले पड़ाव की ओर निकल पडेंग़े।

मणिमहेश यात्रा की हेलिटैक्सी सेवा रविवार को मौसम से मिली थोड़ी राहत के बाद आखिरकार आरंभ हो गई। इस दौरान दोनों तरफ कुल 21 उड़ानें हुई है। मौसम के खराब होने के कारण रविवार को भी यहां हेलिटैक्सी सेवा प्रभावित हुई है। बहरहाल स्टाफ ऑफ ड्यूटी और अन्यों को मिलाकर कुल 110 ने यहां पर हेलिटैक्सी सेवा का लाभ लिया है।