उज्जवल हिमाचल। धर्मशाला
हिमाचल प्रदेश के विधानसभा क्षेत्र धर्मशाला के समीपवर्ती ग्राम पंचायत बाघनी के जवान अक्षय कुमार(29) का ड्यूटी के दौरान हृदयघात से निधन हो गया। बलिदानी जवान अरुणाचल प्रदेश में तैनात थे। उनके निधन से क्षेत्र में शोक की लहर है। बागनी में बलिदानी सैनिक के घर पर शोक संतप्त परिजनों को सांत्वना देने के लिए लोगों का तांता लगा रहा। सुबह से लोग घर पर शोक प्रकट करने के लिए पहुंचते रहे। इस दौरान एसडीएम संजीव भोट ने भी बलिदानी के परिवार को ढाढ़स बंधाया। अक्षय के बड़े भाई लकी कपूर ने बताया कि सेना से मिली जानकारी के अनुसार सुबह 10:00 बजे पोस्टमार्टम हो गया है। रविवार शाम तक पार्थिव शव आने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि दो माह पहले ही 7 अक्तूबर को अक्षय की शादी हुई थी।
दो माह पहले हुई थी शादी
बलिदानी अक्षय कुमार के पिता संसार चंद भेड़ पालक हैं, जबकि माता सावित्री देवी गृहिणी हैं। बड़े भाई की शादी हो चुकी है और वह वर्तमान में चंडीगढ़ में निजी क्षेत्र में कार्यरत हैं। बड़ी बहन की भी शादी हो चुकी है। अक्षय कुमार की शादी दो माह पूर्व 7 अक्तूबर को रिया कपूर के साथ हुई थी। अक्षय कुमार शादी के बाद 30 नवंबर को ही वापस ड्यूटी पर लौटे थे। ड्यूटी ज्वाइन करने के हफ्ते बाद ही वह बलिदान हो गए।
ब्यूरो रिपोर्ट धर्मशाला