मटौर कॉलेज में महिला प्रकोष्ठ का जनरल हाउस, छात्राओं को स्वास्थ्य व साइबर सुरक्षा के प्रति किया जागरूक

उज्जवल हिमाचल । कांगड़ा

राजकीय महाविद्यालय मटौर के महिला प्रकोष्ठ द्वारा शुक्रवार को छात्राओं के लिए जनरल हाउस का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य छात्राओं को स्वास्थ्य, व्यक्तिगत साफ-सफाई और सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी देना था।

कार्यक्रम में प्रकोष्ठ की संयोजिका प्रो. शिवानी दत्ता ने छात्राओं को प्रतिदिन की निजी साफ-सफाई और माहवारी के दौरान रखी जाने वाली स्वच्छता को लेकर विस्तार से जागरूक किया। साथ ही उन्होंने बढ़ते साइबर क्राइम को लेकर सचेत करते हुए महिला हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी साझा की।

उन्होंने व्हाट्सएप, इंस्टाग्राम और फेसबुक जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हो रही ठगी की घटनाओं का उदाहरण देते हुए छात्राओं को इनका सावधानीपूर्वक उपयोग करने और मित्र सूची बनाते समय सतर्क रहने की सलाह दी।

इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विनोद कुमार शर्मा ने भी छात्राओं को संबोधित किया और महिला प्राध्यापकों द्वारा दी गई जानकारी को अपने जीवन में अपनाने व समाज में सतर्कता से रहने की सीख दी। कार्यक्रम के अंत में छात्राओं को सेनेटरी वेंडिंग मशीन के प्रयोग की जानकारी भी दी गई। इस दौरान प्रो. सुदेश कुमारी, डॉ. नीतू सिन्हा, सिम्मी कुमारी और कुशला देवी उपस्थित रहीं।