उज्जवल हिमाचल । कांगड़ा
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू), शिमला द्वारा घोषित बीसीए की मेरिट सूची में एमसीएम डीएवी कॉलेज, कांगड़ा के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विश्वविद्यालय की टॉप-10 मेरिट सूची में अपनी उल्लेखनीय उपस्थिति दर्ज कराई है। कॉलेज के पांच विद्यार्थियों ने मेरिट सूची में स्थान प्राप्त कर न केवल संस्थान, बल्कि पूरे कांगड़ा जिले का गौरव बढ़ाया है।
विश्वविद्यालय द्वारा जारी मेरिट सूची के अनुसार कनिका ने 8.77 सीजीपीए के साथ प्रथम, ईशा ने 8.75 सीजीपीए के साथ द्वितीय, भूमिका ने 8.60 सीजीपीए के साथ पंचम, प्रिया देवी ने 8.56 सीजीपीए के साथ सप्तम तथा गुणिका सोनी ने 8.53 सीजीपीए के साथ नवम स्थान प्राप्त कर कॉलेज का नाम प्रदेशभर में रोशन किया। विद्यार्थियों की इस उल्लेखनीय सफलता पर एमसीएम डीएवी कॉलेज, कांगड़ा के प्राचार्य डॉ. बलजीत सिंह पटियाल ने सभी मेधावी विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों एवं प्राध्यापकों को हार्दिक बधाई दी।
उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, अनुशासित अध्ययन, शिक्षकों के सतत मार्गदर्शन तथा कॉलेज की उत्कृष्ट शैक्षणिक परंपरा का परिणाम है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि कॉलेज के विद्यार्थी भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विश्वविद्यालय की मेरिट सूची में अपना स्थान सुनिश्चित करेंगे। कॉलेज प्रबंधन एवं प्राध्यापक वर्ग ने भी सफल विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। विश्वविद्यालय की मेरिट सूची में एक साथ पांच विद्यार्थियों का स्थान प्राप्त करना एमसीएम डीएवी कॉलेज, कांगड़ा की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासित शैक्षणिक वातावरण तथा विद्यार्थियों की निरंतर मेहनत का प्रमाण है।





