उज्जवल हिमाचल। धर्मशाला
हिमाचल प्रदेश भाजपा के मीडिया सह-प्रभारी एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के मीडिया काॅआर्डिनेटर एडवोकेट विश्व चक्षु ने निजी अस्पतालों में हिम केयर योजना का लाभ बंद किए जाने पर प्रदेश की सुक्खू सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि सुक्खू सरकार ने रोगियों के जख्मों पर महरम लगाने की बजाए नमक लगाने का काम किया है। पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर द्वारा 141 निजी अस्पतालों में चलाई गई इस योजना को बंद करने से साफ हो गया है कि सुक्खू सरकार लगभग दो साल से प्रदेश में बदले की भावना से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि नीजि अस्पतालों में हिम केयर योजना को बंद किए जाने से सुक्खू सरकार की नाकामियों का पता चला है।
मुख्यमंत्री सुक्खू काे पता ही नहीं कि सरकार व प्रदेश को चलाना कैसे है
मुख्यमंत्री की कुर्सी पर एक ऐसे व्यक्ति को बिठा दिया गया है, जिसे पता ही नहीं कि सरकार व प्रदेश को चलाना कैसे है। उन्होंने कहा कि सुक्खू सरकार अभी तक जनता को कोई भी लाभकारी योजना नहीं दे पाई। उलटा जो योजनाएं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने जनता के लिए चलाई थीं उनकी तालबंदी की जा रही है। विश्व चक्षु ने कहा कि सुक्खू सरकार कमज़ोर व कामचोर सरकार है। वे विकास कार्य तो दूर आम काम कार्य करने से भाग रही है। सही निर्णयों को गलत ठहरा रही है। उन्होंने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में जनहित में चलाई गई योजनाओं को बंद कर कांग्रेस सरकार व जनता के बीच एक गतिरोध पैदा हो चुका है।
जनता में फैल चुका है भारी आक्रोश
सुक्खू की जनविरोधी नीतियों को लेकर जनता में भारी आक्रोश फैल चुका है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की बजाए सुक्खू सरकार उन्हें कमजोर करने में लगी हुई है। सुक्खू को चाहिए कि सरकारी अस्पतालों में जाकर देखें कि 18 माह के कार्यकाल में अस्पतालों की दशा क्या हो चुकी है। मरीज सरकारी अस्पतालों में जाने से कतरा रहे हैं और वे निजी अस्पतालों का रुख करने को मजबूर हो चुके हैं।