उज्जवल हिमाचल । कांगड़ा
हिमाचल परिवहन सेवानिवृत्त कर्मचारी कल्याण मंच, जिला कांगड़ा की मासिक बैठक बुधवार को बस संस्थान कांगड़ा में जिला अध्यक्ष चमन लाल पुंडीर की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में प्रदेश के मुख्य सलाहकार बलराम पुरी और जिला महामंत्री रमेश रैना विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक की शुरुआत मंच के सदस्य रमेश चंद के आकस्मिक निधन पर शोक व्यक्त करते हुए दो मिनट का मौन रखकर की गई। सदस्यों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
बैठक में निगम प्रबंधन और प्रदेश सरकार पर पेंशनरों के साथ भेदभावपूर्ण नीति अपनाने का आरोप लगाते हुए गहरा रोष व्यक्त किया गया। वक्ताओं ने कहा कि 1 जनवरी 2016 से देय भत्तों और अन्य वित्तीय लाभों का भुगतान अब तक लंबित है, जिससे सेवानिवृत्त कर्मचारियों को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
बैठक में सरकार और निगम प्रबंधन से लंबित मांगों को शीघ्र पूरा करने की मांग की गई। प्रमुख मांगों में पेंशन का स्थायी समाधान, 1 जनवरी 2016 से संशोधित वेतनमान का एरियर जारी करना, 65, 70 और 75 वर्ष की आयु पूरी करने वाले पेंशनरों को 5, 10 और 15 प्रतिशत पेंशन वृद्धि का एरियर देना, पे मैट्रिक्स के अनुसार वेतन निर्धारण एवं एरियर का भुगतान, 20 वर्ष की सेवा पूरी करने वाले संवाहकों को दो वेतन वृद्धियां प्रदान करना, सितंबर 2025 के बाद सेवानिवृत्त कर्मचारियों को पीपीओ जारी कर पेंशन शुरू करना तथा निगम के पेंशनरों को भी अन्य विभागों की तरह 3 प्रतिशत महंगाई राहत प्रदान करना शामिल है।
बैठक में किशोरी लाल, संसार चंद, अशोक सूद, बृजपाल, निर्मल सिंह, रसीला राम, मोहन लाल, कस्तूरी लाल, राजेंद्र कुमार, हरभजन सिंह, नसीब चंद, प्रकाशो देवी, लज्या देवी, राणो देवी और विद्या देवी सहित 75 से अधिक सदस्यों ने भाग लिया।
संवाददाता: अंकित वालिया





