पंचायतों की समस्याओं को धरातल पर जाकर स्वंय जानेंगे मंत्री यादविंद्र गोमा

उज्जवल हिमाचल । जयसिंहपुर

आयुष, युवा सेवाएं एवं खेल तथा कानून मंत्री यादविंद्र गोमा ने कहा है कि वह पंचायतों की समस्याओं को धरातल पर जाकर स्वंय जानेंगे और उनका निवारण भी करेंगे। उन्होंने कहा कि पंचायती राज प्रतिनिधिय़ों के सामुहिक और विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर सिरे चढ़ाया जाएगा। उन्होंने प्रतिनिधियों को आश्वासन देते हुए कहा कि पंचायतों के सामुहिक विकास कार्यों को सिरे चढ़ाना उनकी निजी जिम्मेदारी है।

मंत्री ने कहा कि वह दलगत राजनीति से उपर उठाकर पंचायत क्षेत्रों में विकास कार्यों को अंजाम देंगे और पंचायत प्रतिनिधियों के कार्यों को राजनीति के दायरे में बांधना उनकी कभी मंशा नहीं रही है। मंत्री ने आज बालकरुपी में पंचायत प्रतिनिधियों के साथ संवाद एवं समन्वय स्थापित किया। वह इस कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित हुए। इस दौरान उन्होंने बालरुपी, कुहण और लाहड़ू पंचायत के लाखों के विकास कार्य भी मंजूर करवाए।

उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित पंचायत प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि पंचायतों के विकास में कोई कमी नहीं आने देंगे। उन्होंने कहा कि उनका विधानसभा क्षेत्र ग्रामीण विकास की धुरी पर ही आगे बढ़ेगा। इसके लिए पंचायत प्रतिनिधि सबसे अहम कड़ी हैं और वह सामुहिक विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करें उन्होंने नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों को चुनाव जीतने पर बधाई भी दी।

इस मौके पर उन्होंने कहा कि जयसिंहपुर उपमंडल के पपरोला में न्यूग्ल खड्ड के उपर 8.30 करोड़ की लागत का पुल बनाया जा रहा है जोकि क्षेत्र में विकास को गति देगा। इसके अलावा कुरु केलां से लेकर कोटलू सड़क के निर्माण पर 2.16 करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं। इसका 90 फीसदी कार्य पूर्ण हो चुका है। उन्होंने 38 लाख की लागत से आलमपुर में बनने वाले द्वार और सकोह में 50 लाख रुपए की लागत से निर्माणाधीन खेल मैदान का भी जिक्र किया।

मंत्री ने कहा कि स्थानीय पीएचसी को जल्द सीएसची बनाया जाएगा और 24 घंटे इलाज की सुविधा उपलब्ध रहेगी। साथ ही 50 लाख की लागत से खैरा अस्पताल में अतिरिक्त निर्माण कार्य और इतनी ही लागत से जगरूपनगर अस्पताल में निर्माण करवाने की प्रतिबद्धता दोहराई।

मंत्री ने आश्वासन दिया कि इस क्षेत्र में पंचायतों की समस्याओं को जानने के लिए वह समय समय पर स्वयं उपस्थित रहेंगे। उन्होंने स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों की समस्याएं सुनी और उन पर गौर करने का आश्वासन दिया। उन्होंने मौके पर कई समस्याओं का निपटारा किया और संबंधित अधिकारियों को उचित दिशा निर्देश भी जारी किए।

कार्यक्रम में एसडीएम जयसिंहपुर संजीव ठाकुर, बीडीओ लंबागांव सिकंदर कुमार, बीसीसी अध्यक्ष जसवंत डढवाल, कांग्रेस जोनल अध्यक्ष सिकंदर राणा, बीडीएसी उपाध्यक्ष हेमराज शर्मा, लाहड़ू पंचायत प्रधान सुनील कुमार, कुहण पंचायत प्रधान विश्वनाथ, बाकलरुपी के प्रधान अजय कुमार, सहित विभिन्न पंचायतों के प्रधान, उप प्रधान, वार्ड सदस्य और विभिन् स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Please share your thoughts...