पिस्तौल की नोंक पर फिल्मी अंदाज़ में नाबालिगा का अपहरण, ओदी टोल बैरियर पर मिली; आरोपी फरार

उज्ज्वल हिमाचल। ज्वाली

पुलिस थाना जवाली के अंतर्गत दिनदहाड़े हुई दिल दहला देने वाली वारदात ने इलाके में सनसनी फैला दी। एक नाबालिगा को पिस्तौल की नोंक पर फिल्मी स्टाइल में अगवा कर लिया गया। वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी न केवल बेखौफ थे, बल्कि भागते हुए रास्ते में दो गाड़ियों को भी टक्कर मारते चले गए। मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता के भाई शेर अली ने पुलिस को बताया कि वे ट्रैक्टर से मिरथल लौट रहे थे, तभी जेके नंबर की काले रंग की स्कॉर्पियो तेज रफ्तार में आई और आरोपियों ने नाबालिगा को जबरन ट्रैक्टर से उतारकर अपनी गाड़ी में डाल लिया।

फरार होते समय उनकी ड्राइविंग इतनी खतरनाक थी कि यदि कोई दोपहिया सामने आ जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने पुलिस से जल्द कार्रवाई की गुहार लगाई है। डीएसपी जवाली वीरी सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें दबिश दे रही हैं।

इस बीच, लड़की ओदी टोल टैक्स बैरियर पर बरामद हो गई है, जिसे पुलिस ने मेडिकल जांच के लिए भेज दिया है। आरोपी अभी भी फरार हैं और जिला पुलिस व स्थानीय युवकों की टीमें उनकी तलाश में जुटी हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

संवाददाता : चेन गुलेरिया