उज्जवल हिमाचल । कांगड़ा
राजपूत युवा शक्ति संघ कांगड़ा के सदस्य नरिंदर सिंह मनकोटिया ने कांगड़ा के विधायक एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष पवन काजल पर जातिगत राजनीति को बढ़ावा देने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र में किसी एक वर्ग के सहारे नहीं, बल्कि सर्व समाज के समर्थन से पवन काजल तीन बार विधायक बने हैं। ऐसे में उन्हें समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने की आवश्यकता है। नरिंदर मनकोटिया ने कहा कि कांगड़ा क्षेत्र में ब्राह्मण, ठाकुर, खत्री-बनिया, ओबीसी, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति सहित सभी वर्गों का महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक पवन काजल की राजनीति में एक विशेष जाति और वर्ग को प्राथमिकता देने की प्रवृत्ति दिखाई दे रही है, जिससे समाज में विभाजन की स्थिति पैदा हो सकती है।
उन्होंने कहा कि ओबीसी वर्ग में केवल एक जाति नहीं, बल्कि जाट, सैनी सहित कई अन्य समुदाय भी शामिल हैं। ऐसे में किसी एक समुदाय को पूरे ओबीसी समाज का प्रतिनिधि मानना उचित नहीं है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या विधायक को आगामी चुनाव में ओबीसी के अलावा ब्राह्मण, ठाकुर, खत्री-बनिया, जाट, सैनी, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति सहित अन्य समाजों के मतदाताओं के समर्थन की आवश्यकता नहीं होगी?
मनकोटिया ने कहा कि पवन काजल भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पद पर हैं। ऐसे में उनके द्वारा की जा रही कथित जातिगत राजनीति को लेकर भाजपा प्रदेश नेतृत्व को अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। उन्होंने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष से पूछा कि जिला कांगड़ा में पार्टी की सामाजिक और राजनीतिक दिशा क्या है और क्या भाजपा सभी वर्गों को समान रूप से साथ लेकर चलने की नीति पर कायम है? उन्होंने कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव में कांगड़ा जिले में भाजपा ने कई ओबीसी उम्मीदवारों को चुनाव मैदान में उतारा था, लेकिन उनमें से केवल एक उम्मीदवार ही जीत हासिल कर पाया। वहीं कांग्रेस की ओर से मैदान में उतारे गए ओबीसी उम्मीदवारों में से भी एक को जीत मिली।
उन्होंने कहा कि चुनाव परिणाम यह दर्शाते हैं कि किसी भी राजनीतिक दल के लिए केवल जातीय समीकरणों के आधार पर चुनावी राजनीति करना पर्याप्त नहीं है, क्योंकि जीत में सभी वर्गों के मतदाताओं की भूमिका रहती है। नरिंदर मनकोटिया ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष से मांग की कि वह कांगड़ा जिले के सभी समाजों के प्रति पार्टी की नीति को स्पष्ट करें। उन्होंने कहा कि कांगड़ा की राजनीति को जाति के आधार पर बांटने के बजाय सभी वर्गों को समान सम्मान और प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए। उन्होंने पवन काजल से भी सर्व समाज को साथ लेकर चलने की अपील की।





