भारी बारिश में दुख-संवेदना व्यक्त करने पैदल पहुंचे विधायक केवल पठानिया

उज्ज्वल हिमाचल। कांगड़ा

गरीबों व ज़रूरतमंदों के प्रति सच्ची संवेदना और मदद का जज़्बा हो तो कोई भी मुश्किल राह रोक नहीं सकती। इसका जीवंत उदाहरण शाहपुर के विधायक एवं प्रदेश सरकार में उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने पेश किया। आज वे भारी बारिश और दुर्गम रास्तों की परवाह किए बिना रुलहेड़ पंचायत के बतूनी गांव पहुंचे, जहाँ उपप्रधान ओमप्रकाश के छोटे भाई तथा भेड़पालक संजीव कुमार की पत्थर के नीचे दबने से दुखद मौत हो गई थी। विधायक लगभग चार किलोमीटर खड़ी चढ़ाई पैदल चलकर उनके घर पहुंचे और शोकसंतप्त परिवार को सांत्वना दी।

उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की तथा परिवार को इस कठिन घड़ी में हिम्मत बनाए रखने का संदेश दिया। पठानिया ने मौके पर संजीव कुमार की पत्नी, तीन बेटियों और एक बेटे के लिए आर्थिक मदद की घोषणा की तथा क्षतिग्रस्त मकान को दोबारा बनाने में भी हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

इसके साथ ही विधायक केवल सिंह पठानिया ने द्रोणधार में बिजली गिरने से 120 बकरियों के मरने पर प्रभावित भेड़पालकोंकृउत्तम चंद, बुद्धि सिंह और नाथों राम से भी मुलाकात की। उन्होंने कहा कि सरकार उनकी क्षति की पूरी भरपाई करेगी और किसी को भी अकेला महसूस नहीं होने दिया जाएगा।