कांगड़ा में मूसलाधार बारिश से पीड़ित परिवारों का हाल जानने पहुंचे पवन काजल

उज्जवल हिमाचल । कागंड़ा 

कांगड़ा के विधायक और प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष पवन काजल ने हाल ही में कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र में मूसलाधार बारिश से प्रभावित परिवारों के घर जाकर नुकसान का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने तकीपुर चतरा पंचायत में सुमन कुमारी के क्षतिग्रस्त घर का निरीक्षण किया और क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों का दौरा कर बरसात से हुए नुकसान का आकलन किया।

पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता का आश्वासन

पवन काजल ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि वह स्थानीय प्रशासन और प्रदेश सरकार के साथ मिलकर प्रभावित परिवारों को निजी तौर पर अतिरिक्त आर्थिक सहायता प्रदान करेंगे। काजल ने कहा कि क्षेत्र की खस्ताहाल सड़कों को फेस्टिवल सीजन से पहले नए सिरे से टायरिंग और पैच वर्क करवा कर चकाचक कर दिया जाएगा।

पटवारियों को रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश

काजल ने सभी इलाका पटवारियों को बरसात से हुए नुकसान की विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए हैं ताकि प्रभावित परिवारों को प्रदेश सरकार और केंद्र से अतिरिक्त सहायता मिल सके। उन्होंने क्षेत्र के लोगों से मूसलाधार बारिश के दौरान नालों और खड्डों से दूर रहने और प्रभावित परिवारों की मदद करने की अपील की।

इस अवसर पर मंडल भाजपा अध्यक्ष अशोक कुमार, रंजीत सिंह, सतीश सोनी, हेमराज और विभिन्न पंचायतों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। काजल के इस प्रयास का उद्देश्य प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान करना और उनके जीवन को पटरी पर लाने में मदद करना है।