उज्जवल हिमाचल। धर्मशाला
विधायक पवन काजल ने कांग्रेस पार्टी पर सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग का आरोप लगाया है। काजल ने कहा कि कांगड़ा चंबा संसदीय क्षेत्र और धर्मशाला विधानसभा उपचुनाव में पार्टी की हार को देखते हुए कांग्रेस के नेता सरकारी कर्मचारियों को तबादलों का खौफ दिखाकर मतदान उनके पक्ष में करने के लिए कथित तौर पर दबाव बना रहे हैं। व्यापारियों को भी डराया धमकाया जा रहा है। देश और प्रदेश में कांग्रेस पार्टी को डूबता हुआ जहाज करार देते हुए काजल ने कहा कि प्रदेश की भोली भाली जनता ने झूठी गारंटी और वायदे के नाम पर गुमराह होकर हिमाचल में कांग्रेस को बहुमत देकर सरकार पर काबिज किया लेकिन कांग्रेस सरकार जनता की गारंटीयों को पूरा करने में नाकाम रही है। कांग्रेस ना तो बेरोजगारों को रोजगार मुहैया करवा पाई है और ना ही महिलाओं को ₹1500 प्रति महीना मिल पाया है। चार जून के बाद हिमाचल में भी सत्ता परिवर्तन तय हैं।
काजल ने कांग्रेस पार्टी को कांगड़ा-चंबा विरोधी करार देते हुए कहा कि हिमाचल में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद जिला कांगड़ा के विकास पर ग्रहण लगा है। यहां से सरकारी कार्यालयों को दूसरे जिलों में शिफ्ट किया गया। कांगड़ा मंडल भाजपा पदाधिकारी साथ लोकसभा चुनाव की रणनीति बनाते हुए काजल ने कहा कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा को रिकॉर्ड बढ़त दिलाकर प्रधानमंत्री पद पर लगातार तीसरी बार नरेंद्र मोदी को विराज मान करने में अहम भूमिका निभाएंगे। काजल ने कहा धर्मशाला विधानसभा उपचुनाव में भाजपा रिकार्ड मतों से जीत हासिल करेगी।
उन्होंने कहा धर्मशाला की जनता जानती है की धर्मशाला को स्मार्ट सिटी,नगर निगम, आई टी पार्क, केंद्रीय विश्वविद्यालय और कंक्रीट से सड़कों का जाल सुधीर शर्मा की देन है। उन्होंने कहा कांग्रेस के नेता सत्ता के अहंकार में आए दिन ऊलजलूल की बयान बाजियां कर जनता को गुमराह करने का असफल प्रयास कर रहे हैं। काजल नें कहा 19 मई को भाजपा उम्मीदवार राजीव भारद्वाज कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र का दौरा कर एक दर्जन पंचायतों की जनता से मिलकर समर्थन मांगेंगे।