जनसमस्याओं के समाधान में जुटे विधायक रणवीर सिंह निक्का, बोले – सेवा ही मेरा संकल्प

उज्जवल हिमाचल।नूरपुर 

नूरपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक रणवीर सिंह निक्का इन दिनों प्रतिदिन अपने कंडवाल स्थित कार्यालय में विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले लोगों की समस्याओं का निवारण कर रहे हैं। दूरदराज इलाकों से आने वाले सामान्य एवं कमजोर वर्ग के लोग अपनी शिकायतें और मांगें लेकर पहुँचते हैं, जिनका समाधान मौके पर करने का प्रयास किया जाता है। इसी कारण क्षेत्र की जनता उनके कार्यशैली से संतुष्ट दिखाई दे रही है।

जनता का मानना है कि नूरपुर के बेटे के रूप में चुनाव जीतकर पहुंचे रणवीर सिंह निक्का ने जनसेवा को हमेशा प्राथमिकता दी है। तीन वर्ष के कार्यकाल के दौरान उनके ऊपर किसी भी तरह का भ्रष्टाचार का आरोप न लगना उनकी साफ-सुथरी छवि को दर्शाता है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि वह ऐसे पहले विधायक हैं जो गरीब, असहाय और सीमांत वर्ग की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर समाधान करवाने में तत्पर रहते हैं। कंडवाल पंचायत के प्रधान रहते हुए भी उन्होंने लोगों की सेवा को ही अपना ध्येय बनाया था।कई लोगों का कहना है कि सुख-दुख के हर अवसर पर वे व्यक्तिगत रूप से साथ खड़े दिखाई देते हैं और यह उनके परिवार की सेवा भावना की परंपरा है।

इस संदर्भ में विधायक रणवीर सिंह निक्का का कहना है कि नूरपुर की जनता ने उन पर जो भरोसा जताया है, उसका सम्मान करते हुए वे बिना किसी भेदभाव के सबकी सेवा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आगामी पंचायत चुनाव जनता द्वारा दिया जाने वाला एक महत्वपूर्ण संदेश होगा कि वे जनसेवा के अपने दायित्व में कितना सफल रहे।

उन्होंने कहा कि नूरपुर विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों में राजनीति की कोई जगह नहीं है और विपक्षी दलों को भी विकास के मुद्दों पर सहयोगी भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि उनका दरबार सभी के लिए खुला है, चाहे वह किसी भी राजनीतिक विचारधारा से जुड़ा हो।निक्का ने कहा कि हमारा उद्देश्य एक विकसित और मजबूत नूरपुर का निर्माण है और यह तभी संभव है जब सभी लोग मिलकर आगे बढ़ें।

संवाददाता:विनय महाजन