उज्जवल हिमाचल । कांगड़ा
हिमाचल प्रदेश विद्युत पेंशनर फोरम, कांगड़ा इकाई की मासिक बैठक इकाई प्रधान जोगिंदर सिंह की अध्यक्षता में पालमपुर रोड स्थित सिटी हॉस्पिटल, मटौर के समीप एक निजी होटल में आयोजित की गई। बैठक में लगभग 85 पेंशनरों एवं पारिवारिक पेंशनरों ने भाग लिया।
बैठक में विशेष रूप से उपस्थित हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत परिषद कर्मचारी यूनियन के प्रतिनिधियों—दरबारी लाल शर्मा, पंकज, आशीष धीमान एवं आउटसोर्स कर्मचारी प्रतिनिधि यसु शर्मा—ने विद्युत अधिनियम 2025 (संशोधित) तथा स्मार्ट मीटरों के संभावित दुष्प्रभावों पर अपने विचार रखे। उन्होंने कर्मचारी एवं अभियंताओं की जॉइंट एक्शन कमेटी के तत्वावधान में भोजनावकाश के दौरान एकजुट होकर एकता का प्रदर्शन करने का आह्वान किया।
इसके उपरांत इकाई प्रधान जोगिंदर सिंह, जिला कार्यकारिणी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष आर.सी. भारती, वित्त सचिव ओ.पी. गुलेरिया, कार्यकारिणी सदस्य शेर सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष विनोद सैणी तथा सलाहकार सर्वेश मैहरा ने बैठक को संबोधित किया। वक्ताओं ने विद्युत अधिनियम 2025 के क्रियान्वयन एवं स्मार्ट मीटरों के संचालन पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसके विरोध में एकजुट रहने का संकल्प लिया।
बैठक में कल प्रस्तावित टूल-डाउन/पेन-डाउन हड़ताल में सभी पेंशनरों और विद्युत कर्मचारियों से भाग लेने की अपील की गई। इस अवसर पर वरिष्ठ पेंशनर रमेश चंद (फोरमैन) को सम्मानित भी किया गया।
संवाददाता: अंकित वालिया





