उज्जवल हिमचाल। कांगड़ा
हिमाचल प्रदेश विद्युत पेंशनर फोरम कांगड़ा इकाई की मासिक बैठक निजी होटल, सिटी अस्पताल के नजदीक पालमपुर रोड घुरकड़ी में इकाई प्रधान जोगिंदर सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में लगभग 75 पेंशनरों ने भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत गायत्री मंत्र के उच्चारण से हुई। इसके पश्चात 75 वर्ष से अधिक आयु के पेंशनरों को मफलर, टोपी और मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया गया।
इसके बाद कार्यकारिणी सदस्य शेर सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष विनोद सैनी तथा जिला कार्यकारिणी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष आर.सी. भारती ने संबोधित किया और अपने बहुमूल्य विचार रखे। अंत में अध्यक्षीय संबोधन के दौरान इकाई प्रधान जोगिंदर सिंह ने विभिन्न सरकारी विभागों के पास लंबित विद्युत परिषद् के बकाया बिजली बिलों के शीघ्र भुगतान की मांग उठाई, ताकि विद्युत बोर्ड अपने कर्मचारियों और पेंशनरों के बकाया एरियर तथा अन्य देनदारियों का समयबद्ध भुगतान कर सके।
उन्होंने यह भी जोर देकर कहा कि वर्ष 2020 के बाद सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति ग्रेच्युटी एवं अवकाश नकदीकरण की देय राशि का तुरंत भुगतान किया जाए। साथ ही 1.1.2016 के बाद से सेवानिवृत्त पेंशनरों की संशोधित ग्रेच्युटी और अन्य देनदारियों का भी शीघ्र निपटारा करने की मांग रखी गई।
बैठक का समापन सुखद भविष्य की कामना के साथ किया गया। उक्त जानकारी इकाई सचिव राकेश सिन्हा, महासचिव हिमाचल प्रदेश विद्युत पेंशनर फोरम कांगड़ा इकाई द्वारा प्रदान की गई।
संवाददाता: अंकित वालिया





