हिमाचल : मणिमहेश यात्रा के लिए 800 से अधिक सुरक्षाकर्मी होंगे तैनात

उज्ज्वल हिमाचल। चंबा

उत्तर भारत की प्रसिद्ध और आस्था से भरपूर मणिमहेश यात्रा की तैयारियां अपने अंतिम चरण में हैं। इस वर्ष, 16 अगस्त को जन्माष्टमी के छोटे शाही स्नान से इस धार्मिक यात्रा का विधिवत शुभारंभ होगा और यह 31 अगस्त को राधाअष्टमी तक चलेगी। इस दौरान, लाखों की संख्या में श्रद्धालु पवित्र मणिमहेश डल झील के दर्शन के लिए पहुंचेंगे। प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य और सुख-सुविधाओं को सुनिश्चित करने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं।

इस वर्ष, मणिमहेश यात्रा की सुरक्षा का जिम्मा 800 से अधिक पुलिस और होमगार्ड के जवानों को सौंपा गया है। यात्रा मार्ग पर चप्पे-चप्पे पर खाकी का पहरा रहेगा। यात्रा के शुरू होने से दो दिन पहले ही, प्रदेश भर से पुलिस की विभिन्न बटालियनों के जवान अपने-अपने निर्धारित स्थानों पर तैनात हो जाएंगे। जन्माष्टमी के पर्व के नज़दीक आते ही श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए, विभिन्न पड़ावों पर सुरक्षा कर्मियों की तैनाती बढ़ा दी गई है।

जिला मुख्यालय चंबा से लेकर मणिमहेश डल झील तक के पूरे मार्ग को 13 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। इनमें करियां, धरवाला, खड़ामुख, लूणा से सावनपुर, सावनपुर से पट्टीनाला, पुराना बस स्टैंड से भरमाणी, चौरासी, हेलीपैड, बाड़ी और मलकोता, पट्टीनाला से सांधी, हडसर सेक्टर, कुगती ब्रिज, हड़सर से धनछो सेक्टर, सुंदरासी सेक्टर, गौरीकुंड सेक्टर और डल झील सेक्टर शामिल हैं।