करोड़ों के कार्य लटकने पर 15 ठेकेदारों को नगर निगम सोलन ने जारी किए नोटिस

अमरप्रीत सिंह पुंज। सोलन

नगर निगम सोलन के अंतर्गत ठेकेदारों के उदासीन रवैये के चलते करोड़ों रुपये के विकास कार्य लटक गए हैं। बीते दिनों शहर के विभिन्न वार्डो में निगम ने विकास कार्यो के लिए लाखों रुपये के टेंडर तो करवाए, लेकिन काम अवार्ड होने के बावजूद कई ठेकेदार विकास कार्यो को लटकाए हुए हैं। इससे स्थानीय लोगों ने निगम की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल खड़े करने शुरू कर दिए हैं। ऐसे में अब निगम ने करीब 15 ठेकेदारों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। ठेकेदारों की मनमानी के चलते पार्षदों को भी लोगों को जवाब देना मुश्किल हो रहा है। वहीं कार्य की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए पार्षदों की जिम्मेदारी के साथ तकनीकी टीम भी नजर रखेगी। नगर निगम के तहत आगामी महीनों में करीब पांच करोड़ रुपये के कार्य होने हैं।

नगर निगम ने सोलन शहर के 17 वार्डो के विकास के लिए प्रति वार्ड 30-30 लाख रुपये आवंटित किए हैं। इसमें दो नए वार्ड ग्रामीण क्षेत्रों को मर्ज करके बनाए गए हैं। इन क्षेत्रों में नए विकास कार्य होने हैं। इसी तरह शहर में डीलिमिटेशन कर बनाए गए वार्डो में भी विकास कार्य होने हैं। इसमें मुख्यता इंटर लाकिग टाइलें, डंगे, सीवर लाइन की मरम्मत, नालों को कवर करने, रास्तों की मरम्मत और बारिश से हुए नुकसान की भरपाई के कार्य होने हैं। समय पर काम पूरा न करने पर होगी कार्रवाई

नगर निगम ने समय पर काम न करने वाले ठेकेदार को ब्लैक लिस्ट करने का निर्णय लिया है। ऐसे ठेकेदारों से वर्तमान में आवंटित कार्य को वापस लिया जाएगा। साथ ही अगले एक वर्ष तक नगर निगम का कार्य नहीं मिलेगा। यदि नगर निगम की कार्रवाई कामयाब रही तो शहर के विकास कार्यो में तेजी आएगी। इससे ठेकेदारों की कार्यप्रणाली भी बेहतर होगी। शहर के कई वार्डो में वर्क आर्डर के बाद भी विकास कार्य शुरू नहीं किए हैं। निगम ने ऐसे ठेकेदारों के प्रति सख्त होते हुए अभी 15 ठेकेदारों को कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं। इसके बाद भी संज्ञान न लेने पर निगम द्वारा ऐसे ठेकेदारों को ब्लैक लिस्ट किया जाएगा।