उज्ज्वल हिमाचल। कांगड़ा
हिमाचल प्रदेश ओलंपिक संघ की जिला बैठक आज कांगड़ा में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता हिमाचल प्रदेश बास्केटबॉल संघ के महासचिव मुनीष शर्मा ने की। इस दौरान हिमाचल ओलंपिक संघ के पदाधिकारी भी मौजूद रहे। बैठक में तय हुआ कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी 23 जून को ओलंपिक दिवस नगर परिषद मैदान कांगड़ा में मनाया जाएगा। आयोजन 5:00 बजे से शाम 7:00 बजे तक चलेगा। कार्यक्रम की शुरुआत खिलाड़ियों द्वारा नगर परिषद मैदान में ओलंपिक रन से होगी, जिसके बाद मैदान में बास्केटबॉल, फुटबॉल और हॉकी की प्रतियोगिताएं करवाई जाएंगी।
इस अवसर पर मुनीष शर्मा ने बताया कि ओलंपिक संघ के राज्य अध्यक्ष अनुराग ठाकुर और महासचिव राजेश भंडारी ने उन्हें जिला कांगड़ा का आयोजन सौंपा है। मुनीष शर्मा ने कहा कि आज हमारी युवा पीढ़ी का बड़ा हिस्सा नशे की गिरफ्त में फंसता जा रहा है। ऐसे आयोजनों का मकसद सिर्फ खेल करवाना नहीं है, बल्कि युवाओं का ध्यान नशे से हटाकर मैदान और खेल की तरफ मोड़ना है।
खेल सिर्फ शरीर को मजबूत नहीं बनाता, ये सोच को भी मजबूत करता है। जो युवा मैदान में पसीना बहाएगा, वो जिंदगी की हर चुनौती से लड़ना सीख जाएगा। मेरा सभी युवाओं से आग्रह है कि मोबाइल और नशे की दुनिया से निकलकर खेल के मैदान में आएं। यहीं आपका भविष्य है, यहीं आपकी पहचान है। बैठक में जिला ओलंपिक संघ के जिला अध्यक्ष सत्येंद्र त्रेहन, कोषाध्यक्ष दिलीप कुमार, सुधीर शर्मा, पुनीत सहित अन्य पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।





