उज्जवल हिमाचल। मंडी
नगर निगम मंडी के पड्डल वार्ड में खुले में कचरा फेंकने और जलाने पर आयुक्त एचएस राणा ने लोगों के चालान काटने की मुहिम छेड़ दी है। विभाग की कार्रवाई से लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। आयुक्त के निरीक्षण में सामने आया है कि जिला खेल एवं युवा सेवाएं विभाग के कर्मचारी कार्यालय परिसर में कूड़ा-कचरा जला रहे थे। इस पर त्वरित कार्रवाई अमल पर लाते हुए चालान काटा गया।
इसके अलावा गीला और सूखा कूड़ा अलग-अलग न देने पर भी कार्रवाई की गई। नगर निगम मंडी को लगातार शहर के अलग-अलग भागों से खुले में कूड़ा फेंकने, जलाने को लेकर शिकायतें मिल रही थी। इस पर नगर निगम मंडी के आयुक्त एचएस राणा ने टीम सहित पड्डल वार्ड का दौरा किया था। इस पर चालान भी किया गया और भविष्य में ऐसा न करने की हिदायत भी दी गई।
यह भी पढ़ेंः हिमाचलः करसोेग के NCC कैम्प में छात्रों को दिया फायरिग का प्रशिक्षण
नगर निगम आयुक्त एच एस राणा ने कहा कि लंबे समय से नगर निगम क्षेत्र मंडी में लोगो को कूड़ा बाहर न फेंकने और सूखा और गिला कूड़ा अलग अलग देने का आग्रह किया जा रहा था। लेकिन कुछ लोग अभी भी इस पर अमल नही कर रहे है। उन्होंने कहा कि जिसके घर या आंगन के आगे कूड़ा कचरा फेंका या जलाया गया है वो उसी का माना जाएगा और चालान काटा जाएगा।
उन्होंने बताया कि कुछ एनजीओ और स्वयं सहायता समूह साथ दे रहे है,लेकिन सभी एनजीओ साथ नहीं दे रहे। उन्होंने नगर निगम वासियों से आग्रह किया है कि मंडी शहर को साफ और स्वच्छ बनाने में नगर निगम की मदत करें। उन्होंने बताया कि वीरवार को 10 चालान किये गए थे और करीब 8 हजार का जुर्माना वसूला गया और शुक्रवार को भी 10 चालान किए गए और करीब 10 हजार का जुर्माना किया गया है।