उज्जवल हिमाचल । कांगड़ा
शरण कॉलेज ऑफ एजुकेशन फॉर वूमेन घुरकडी कांगड़ा में साइंस क्लब के क्वाडिनेटर मिस्टर विशाल राणा के सौजन्य से राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के उपलक्ष्य में भव्य एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में वैज्ञानिक सोच, तर्कशीलता तथा नवाचार की भावना को विकसित करना और विज्ञान को जीवन से जोड़कर समझने की प्रेरणा देना रहा। कॉलेज परिसर पूरे दिन वैज्ञानिक गतिविधियों, मॉडल प्रदर्शनों और ज्ञानवर्धक प्रस्तुतियों से जीवंत बना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्या डॉ0 सुमन शर्मा द्वारा प्रेरक उद्बोधन के साथ हुआ। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि विज्ञान केवल विषय नहीं, बल्कि जीवन को समझने की विधि है। उन्होंने छात्राओं को प्रयोग, अवलोकन और प्रश्न पूछने की आदत विकसित करने का संदेश दिया तथा आधुनिक समाज के निर्माण में विज्ञान की भूमिका पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर विज्ञान प्रदर्शनी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। छात्राओं ने भौतिकी, रसायन विज्ञान और जीव विज्ञान से संबंधित विविध मॉडल प्रस्तुत किए, जिनमें ऊर्जा संरक्षण, जल शुद्धिकरण, पर्यावरण संरक्षण, मानव शरीर रचना तथा दैनिक जीवन में विज्ञान के प्रयोगों को सरल रूप में दर्शाया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत विज्ञान क्विज प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें चारों सदनों की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने ज्ञान का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में विज्ञान और समाज, पर्यावरण संतुलन तथा तकनीकी प्रगति जैसे विषयों पर रचनात्मक प्रस्तुतियां दी गईं। भाषण प्रतियोगिता में छात्राओं ने वैज्ञानिक खोजों, महान वैज्ञानिकों के योगदान तथा विज्ञान के भविष्य पर विचार साझा किए।
क्विज प्रतियोगिता में यमुना सदन ने प्रथम स्थान प्राप्त किया और भाषण प्रतियोगिता में चंद्रभागा सदन की कोमल लता प्रथम रही।कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।





