उज्ज्वल हिमाचल। कांगड़ा
लॉरेट फार्मेसी शिक्षण संस्थान में सोमवार को नए शैक्षिक सत्र का शुभारंभ हवन के साथ किया गया। कॉलेज खुलते ही विद्यार्थियों में उत्साह देखने को मिला। पहले दिन छात्र अपने साथियों से मिलकर काफी खुश हुए और अभिभावक समय से पहले बच्चों के साथ संस्थान पहुंचे। संस्थान के प्रबंधक एवं निदेशक डॉ. रण सिंह तथा निदेशक एवं प्राचार्य डॉ. एम. एस. आशावत ने जोरदार स्वागत किया।
हवन के दौरान सभी छात्रों और अभिभावकों ने आहुतियां अर्पित कीं। प्राचार्य डॉ. एम. एस. आशावत ने छात्रों और अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी नए विद्यार्थियों का महाविद्यालय में दिल से स्वागत है और उन्हें सर्वोत्तम शिक्षण संसाधन, व्यावहारिक अनुभव और प्रशिक्षण प्रदान करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने छात्रों को फार्मेसी पेशे की महत्ता से अवगत कराते हुए मेहनत, अनुशासन और लगन से अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया।
साथ ही समाज सेवा और व्यक्तित्व विकास पर भी बल दिया। कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों ने छात्रों को लक्ष्य निर्धारण और फार्मेसी क्षेत्र में संभावनाओं के बारे में मार्गदर्शन दिया। छात्रों को कॉलेज की नियमावली, पाठ्यक्रम संरचना, प्रयोगशालाओं और अन्य शैक्षिक सुविधाओं से भी अवगत कराया गया।





