शक्तिपीठ श्री नैना देवी जी में नव वर्ष मेला शुरू, श्रद्धालु मां के दर्शन करके करेंगे नव वर्ष का आगाज

उज्जवल हिमाचल।बिलासपुर

नव वर्ष मेला के अवसर पर शक्तिपीठ श्री नैना देवी में पंजाब, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली सहित अन्य राज्यों से भारी संख्या में श्रद्धालु नव वर्ष पूजन के लिए माता के दरबार में पहुंचना शुरू हो गए हैं। श्रद्धालु मां के दर्शन कर नव वर्ष का शुभारंभ कर रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में विशेष सफाई व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही मंदिर के सदा व्रत लंगर में श्रद्धालुओं के लिए स्वादिष्ट एवं पौष्टिक भोजन की समुचित व्यवस्था की गई है। वहीं पंजाब की विभिन्न समाजसेवी संस्थाओं द्वारा नव वर्ष के उपलक्ष्य पर विशाल भंडारों का आयोजन किया गया है, जहां श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजन परोसे जाएंगे।

मंदिर के पुजारी प्रवेश शर्मा ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि नव वर्ष के अवसर पर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि मंदिर न्यास श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पूरी तरह कृतसंकल्प है तथा उनके ठहरने, खान-पान और दर्शन की समुचित व्यवस्था की गई है। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे सुरक्षा कर्मियों के निर्देशों का पालन करें, मंदिर परिसर एवं आसपास आतिशबाजी व पटाखों का प्रयोग न करें तथा अपनी सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें। उल्लेखनीय है कि इस वर्ष भी 31 दिसंबर और 1 जनवरी को आयोजित होने वाले नव वर्ष मेला के दौरान करीब दो लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे लेकर सभी विभागों द्वारा तैयारियां लगभग पूर्ण कर ली गई हैं। श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की सुविधा हेतु पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं, विद्युत आपूर्ति, परिवहन व्यवस्था सहित सभी मूलभूत सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया गया है।

संवाददाता:सुरेंन्द्र जम्वाल