बारिश से टपकी इच्छी पीएचसी की छत, निशु मोंगरा ने दिलाई दो लाख की फौरी राहत

उज्ज्वल हिमाचल। कांगड़ा

कांगड़ा घाटी में मानसून की एंट्री होते ही कई जगह से नुकसान की सूचना मिलने पर एपीएमसी के जिला व हिमाचल कांग्रेस ओबीसी विभाग के प्रदेशाध्यक्ष निशु मोंगरा फील्ड में डट गए हैं। शुक्रवार सुबह भारी बारिश में सबसे पहले इच्छी पीएचसी की छत बुरी तरह टपक पड़ी। सूचना मिलते ही निशु मोंगरा ने मौके का दौरा किया और प्रशासन ने पीएचसी के लिए दो लाख रुपए की फौरी राहत दिला दी है। मौका करने के बाद धर्मशाला पहुंचे मोंगरा ने उच्च अधिकारियों से बात करके दो लाख रुपए का प्रावधान करवाया है। मोंगरा ने कहा कि इस काम को तेजी से करवाया जाएगा। मौजूदा समय में रोजाना इच्छी पीएचसी में 50 के करीब ओपीडी है।

मोंगरा ने कहा कि मरीजों को बेहतर सुविधाएं मुहैया करवाई जाएंगी। इच्छी पीएचसी की खराब हालत के बारे में उन्हें आज ही पता चला है। उन्होंने इसके लिए तुरंत बजट दिला दिया है। इसके लिए सैकड़ों लोगों ने मोंगरा का आभार जताया। इसी बीच जमानाबाद रोड इच्छी से जमानाबाद जाने वाली सडक़ पर बारिश का पानी बल्ला गांव में लोगों के घरों तक जा रहा था। मोंगरा ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पीडब्ल्यूडी को फोन किया। वहां से जेसीबी का इंतजाम किया गया। इस रोड को अब खुलवा दिया गया है। मोंगरा ने कहा कि कई इलाकों से जलभराव की शिकायतें आई हैं।

उन्होंने कहा कि लोगों को बरसात में दिक्कत नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने लोक निर्माण विभाग-जलशक्ति विभाग, राजस्व व प्रशासनिक अधिकारियों को अलर्ट पर रहने को कहा है। वहीं कांगड़ा हलके की जनता से आग्रह किया है कि कहीं भी बरसात से दिक्कत पेश आती है, तो उनसे संपर्क करें। वह हमेशा जनता की खातिर तत्पर हैं। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के निर्देशों पर जनता को बेहतर सुविधाएं दी जाएंगी।