जमानाबाद में दो दिवसीय ओपन वॉलीबॉल चैंपियनशिप का आयोजन

उज्जवल हिमाचल । कांगड़ा

राष्ट्रीय संस्था सिंदूर फाउंडेशन और युवा वेलफेयर क्लब जमानाबाद के संयुक्त तत्वावधान में 14 और 15 नवंबर को मिंजर मेला मैदान जमानाबाद में दो दिवसीय ओपन वॉलीबॉल चैंपियनशिप का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश के अलावा अन्य राज्यों की टीमों को भी आमंत्रित किया गया है। हालांकि, इस प्रतियोगिता में केवल आमंत्रित टीमें ही भाग ले सकेंगी।

प्रतियोगिता के सफल आयोजन को लेकर रविवार को मिंजर मेला मैदान जमानाबाद में राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप कुमार चौधरी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में आयोजन की तैयारियों और विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। सर्वसम्मति से प्रतियोगिता के आयोजन में युवा वेलफेयर क्लब जमानाबाद को भी शामिल किया गया।

क्लब एवं वॉलीबॉल प्रतियोगिता के मुख्य संयोजक दीप कुमार ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखना तथा उनमें आपसी भाईचारे, एकता और खेल भावना को बढ़ावा देना है। प्रतियोगिता में विजेता और उपविजेता टीमों को कुल 70 हजार रुपये की नकद राशि के साथ आकर्षक पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि युवा वेलफेयर क्लब का पूरा सहयोग सिंदूर फाउंडेशन के साथ रहेगा। भविष्य में भी संस्था और क्लब के संयुक्त प्रयासों से इस तरह की खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाता रहेगा।

वहीं, राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप कुमार चौधरी ने कहा कि संस्था का मुख्य उद्देश्य सेवा, संकल्प और सशक्तिकरण है, जिसे धरातल पर उतारने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। संस्था सामाजिक कार्यों के साथ गरीब बेटियों की शादी और शिक्षा में सहयोग, रक्तदान शिविर, बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सहायता तथा स्वास्थ्य एवं जागरूकता अभियान के माध्यम से समाज सेवा में योगदान दे रही है।

उन्होंने कहा कि अब संस्था खेल गतिविधियों को भी विभिन्न क्षेत्रों में बढ़ावा देने के लिए प्रयासरत है, ताकि युवा पीढ़ी नशे से दूर रहे और उनके भीतर छिपी खेल प्रतिभाओं को उचित मंच मिल सके।

बैठक में मिंजर मेला कमेटी के प्रधान अशोक कुमार, हरजीत लवली, विपन पॉल, सुभाष कोटि, सुजान कोटि, पूर्व प्रधान कुलदीप सिंह, पूर्व उपप्रधान अशोक जांबा, साहब सिंह, अमरजीत सिंह, सुरिंदर कुमार, सुनील कुमार, स्वरूप सिंह कोच, राजकुमार कोच, सुदेश कुमार, मनु मनकोटिया, तिलक राज, सुभाष पनियारी, राकेश पनियारी, नरेश कुमार, अश्वनी कुमार फोरमैन, प्रकाश बाबा, रमेश मेसू, खेमराज, प्रमोद सिंह, दिलबाग सिंह, गोवर्धन सिंह, कश्मीर सिंह, दीप कुमार सहित संस्था के अध्यक्ष संदीप कुमार चौधरी और अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

संवाददाता : अंकित वालिया

Please share your thoughts...