उज्जवल हिमाचल । शाहपुर
पल्स मेडिसिटी मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, शाहपुर की ओर से आज शाहपुर की दरीणी पंचायत में निःशुल्क चिकित्सा शिविर का सफल आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के सैकड़ों लोगों ने स्वास्थ्य जांच और परामर्श की सुविधाओं का लाभ उठाया।
शिविर में सामान्य रोग, रक्तचाप, मधुमेह, हड्डी रोग, महिला एवं बाल रोग सहित विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं निःशुल्क प्रदान की गईं। विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने मरीजों की जांच कर आवश्यक परामर्श दिया तथा दवाइयां भी मुफ्त वितरित कीं।
इस अवसर पर हॉस्पिटल के प्रबंध निदेशक डॉ. रिपिन हीरा ने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना उनका प्रमुख उद्देश्य है। ऐसे शिविर जरूरतमंद लोगों को समय पर इलाज और जागरूकता प्रदान करने में सहायक होते हैं।
शिविर के सफल आयोजन में स्थानीय स्वयंसेवकों और मेडिकल स्टाफ का विशेष सहयोग रहा। आयोजकों ने बताया कि भविष्य में भी इस प्रकार के निःशुल्क चिकित्सा शिविरों का आयोजन जारी रहेगा, जिससे अधिक से अधिक लोगों को लाभ मिल सके। अंत में सभी डॉक्टरों, स्वयंसेवकों और स्थानीय निवासियों का आभार व्यक्त किया गया।





