निःशुल्क मेडिकल हेल्थ कैंप व कैंसर जांच शिविर का सफल आयोजन

उज्जवल हिमाचल । कांगड़ा

Pulse Medicity Multi Speciality Hospital द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने और कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से शाहपुर में निःशुल्क मेडिकल हेल्थ कैंप एवं ऑन्कोलॉजी (कैंसर) जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर स्वास्थ्य जांच और विशेषज्ञ परामर्श का लाभ उठाया।

शिविर में Care Multi Speciality Hospital के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण के साथ-साथ कैंसर से संबंधित प्रारंभिक जांच और परामर्श भी निःशुल्क प्रदान किया। डॉक्टरों ने लोगों को कैंसर के शुरुआती लक्षणों, समय पर जांच की आवश्यकता और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर जरूरतमंद मरीजों को आवश्यक दवाइयां भी निःशुल्क वितरित की गईं। जिन मरीजों में गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं के संकेत पाए गए, उन्हें आगे की जांच और उपचार के लिए संबंधित अस्पतालों में परामर्श लेने की सलाह दी गई।

आयोजकों ने बताया कि इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर जरूरतमंद लोगों तक चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाने और समय रहते बीमारी की पहचान कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। स्थानीय लोगों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए आयोजकों और चिकित्सकों की टीम का आभार व्यक्त किया। इस दौरान अस्पताल के प्रबंध निदेशक डॉ. रिपिन हीरा भी उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि समाज के स्वास्थ्य के लिए ऐसे जागरूकता कार्यक्रम अत्यंत आवश्यक हैं। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी चिकित्सकों, सहयोगी संस्थाओं, स्वयंसेवकों और स्थानीय नागरिकों का धन्यवाद ज्ञापित किया, जिनके सहयोग से यह शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।