ग्राम पंचायत घुरकड़ी की ग्राम सभा सफलतापूर्वक सम्पन्न

उज्ज्वल हिमाचल। कांगड़ा

आज ग्राम पंचायत घुरकड़ी में ग्राम सभा का सफल आयोजन ग्राम पंचायत अप्रधान रमा दीक्षित की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य विजय कुमार “विज्जू”, उप-प्रधान संजय सैनी, पंचायत के सभी 7 वार्ड सदस्य, पंचायत सचिव तथा बड़ी संख्या में ग्रामवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

ग्राम सभा में पंचायत के विकास कार्यों, स्वच्छता, पेयजल, सड़क, जल संरक्षण, ग्रामीण रोजगार, शिक्षा, सामाजिक कल्याण एवं अन्य जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षा की गई तथा आगामी विकास कार्यों के लिए ग्रामवासियों से सुझाव प्राप्त किए गए।

बैठक के दौरान गांव के समग्र विकास, पारदर्शी कार्यप्रणाली और जनसहभागिता को और अधिक सशक्त बनाने पर जोर दिया गया। उपस्थित ग्रामीणों ने अपने-अपने वार्डों की समस्याओं और सुझावों को ग्राम सभा के समक्ष रखा, जिन पर सकारात्मक चर्चा हुई।

प्रधान रमा दीक्षित ने सभी ग्रामवासियों का ग्राम सभा में सक्रिय सहभागिता के लिए आभार व्यक्त किया। जिला परिषद सदस्य श्री विजय कुमार “विज्जू” ने भी पंचायत के विकास कार्यों में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया तथा ग्रामीणों से विकास कार्यों में निरंतर भागीदारी बनाए रखने का आग्रह किया।

ग्राम पंचायत घुरकड़ी सभी ग्रामवासियों का ग्राम सभा में उपस्थित होकर अपने बहुमूल्य सुझाव एवं सहयोग देने के लिए हार्दिक धन्यवाद एवं आभार व्यक्त करती है।

विशेष संवाददाता : सुदेश सहोत्रा