उज्जवल हिमाचल । कांगड़ा
रैत स्थित द्रोणाचार्य पीजी कॉलेज ऑफ एजुकेशन में नवप्रवेशी विद्यार्थियों के लिए आयोजित दो दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम का दूसरा दिन उत्साह और प्रेरणा के माहौल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बी.कॉम., बीबीए और बीसीए के विद्यार्थियों को कॉलेज जीवन, शैक्षणिक व्यवस्था और व्यक्तित्व विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
कार्यक्रम की शुरुआत योग सत्र से हुई, जिसमें विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली और नियमित योग के महत्व के बारे में बताया गया। इसके बाद विभागाध्यक्ष राजेश राणा ने विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम, परीक्षा प्रणाली और शैक्षणिक गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी। वहीं वितिका महाजन ने कॉलेज के नियमों, अनुशासन और संस्थान की कार्यप्रणाली से परिचित कराया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता डॉ. मदन गुलेरिया ने व्यक्तित्व विकास, नैतिक मूल्यों, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सकारात्मक सोच जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रेरक संबोधन दिया। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि केवल शैक्षणिक सफलता ही नहीं, बल्कि बेहतर कौशल, आत्मविश्वास और सकारात्मक दृष्टिकोण भी उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव होते हैं।
कार्यक्रम के अंत में कॉलेज प्रबंधन ने मुख्य वक्ता का आभार व्यक्त करते हुए सभी विद्यार्थियों को नए शैक्षणिक सत्र के लिए शुभकामनाएं दीं।





