उज्जवल हिमाचल । नूरपुर
जिला कांगड़ा में स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में प्रदेश सरकार ने पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. ओमेष भारती को नया मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति का स्वास्थ्य विभाग से जुड़े अधिकारियों, चिकित्सकों और कर्मचारियों के साथ-साथ जिले के सामाजिक संगठनों एवं बुद्धिजीवी वर्ग ने स्वागत किया है।
लोगों ने डॉ. ओमेष भारती को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई देते हुए उम्मीद जताई है कि उनके लंबे अनुभव और कुशल नेतृत्व से कांगड़ा जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूती मिलेगी। खासकर ग्रामीण और निचले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को बेहतर एवं सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जाने की उम्मीद है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिला कांगड़ा के निचले क्षेत्रों के सिविल अस्पतालों और ब्लॉक स्तर के स्वास्थ्य संस्थानों में मरीजों को उपचार के साथ-साथ आवश्यक जांच की सुविधाएं भी अस्पताल परिसर में ही उपलब्ध होनी चाहिए। लोगों ने नए CMO से उम्मीद जताई है कि अस्पतालों में तैनात चिकित्सकों एवं अन्य कर्मचारियों को इस संबंध में स्पष्ट निर्देश दिए जाएंगे, ताकि मरीजों को अनावश्यक रूप से निजी संस्थानों में टेस्ट, अल्ट्रासाउंड और एक्स-रे करवाने के लिए मजबूर न होना पड़े।
लोगों ने यह भी मांग उठाई है कि मरीजों को उपचार के लिए बाहरी निजी संस्थानों अथवा पंजाब के अस्पतालों में भेजने की स्थिति को कम किया जाए और सरकारी अस्पतालों में ही आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएं।
क्षेत्रवासियों का मानना है कि डॉ. ओमेष भारती के व्यापक अनुभव का लाभ जिले के स्वास्थ्य तंत्र को मिलेगा। अब लोगों की निगाहें इस बात पर हैं कि नई जिम्मेदारी संभालने के बाद डॉ. भारती जिला कांगड़ा के स्वास्थ्य संस्थानों में व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए क्या कदम उठाते हैं।
संवाददाता: विनय महाजन





