उज्जवल हिमाचल । कांगड़ा
जिला कांगड़ा की फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले चार जिला परिषद वार्डों में पंचायत चुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया लगातार जारी है। पिछले दो दिनों में विभिन्न वार्डों से कुल 12 प्रत्याशियों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल कर चुनावी मैदान में ताल ठोक दी है।
जिला परिषद वार्ड मनोह-सिहाल (47) से अब तक दो महिला प्रत्याशियों ने नामांकन भरा है। गुरुवार को रीता गुलेरिया निवासी धमेटा और पूजा देवी ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए, जबकि शुक्रवार को इस वार्ड से किसी भी उम्मीदवार ने नामांकन नहीं किया।
वहीं जिला परिषद वार्ड गुरियाल (48) से अब तक चार प्रत्याशी मैदान में उतर चुके हैं। विजय कोंडल, योगराज और पवन कुमार ने पहले ही अपने नामांकन जमा करवा दिए थे, जबकि शुक्रवार को प्रदीप कुमार ने निर्वाचन अधिकारी जिला परिषद एवं एसडीएम फतेहपुर विश्रुत भारती के समक्ष नामांकन पत्र दाखिल किया।
जिला परिषद वार्ड रैहन (50) में भी चुनावी सरगर्मियां तेज हैं। यहां नवीन बटलारिया, निशा देवी और पवन कुमार के बाद शुक्रवार को राजेश कुमार ने अपना नामांकन पत्र जमा करवाया। इसके साथ ही इस वार्ड से अब तक कुल चार उम्मीदवार चुनावी मैदान में उतर चुके हैं।
इसके अलावा जिला परिषद वार्ड रियाली (52) से अनीता देवी और साक्षी देवी ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं।
निर्वाचन अधिकारी जिला परिषद एवं एसडीएम फतेहपुर विश्रुत भारती ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से जारी है। उन्होंने कहा कि शनिवार और रविवार को अवकाश रहेगा, इसलिए अब नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम प्रक्रिया 11 मई को पूरी की जाएगी।





