जनता को मिल रहा कीड़ों से भरा चावल, खाद्य आपूर्ति विभाग पर उठे गंभीर आरोप

उज्जवल हिमाचल।चंबा

बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का दावा करने वाली प्रदेश सरकार एक बार फिर जनता के सवालों के घेरे में आ गई है। चंबा जिले के जनजातीय क्षेत्र भरमौर से एक गंभीर और चिंताजनक मामला सामने आया है। आरोप है कि खाद्य आपूर्ति विभाग के डिपुओं से राशनकार्ड धारकों को कीड़ों से भरे चावल वितरित किए जा रहे हैं। स्थानीय उपभोक्ताओं के अनुसार, जब डिपुओं से प्राप्त चावलों को भोजन तैयार करने के लिए खोला गया, तो उनमें बड़ी संख्या में सफेद रंग के कीड़े चलते हुए दिखाई दिए। यह देख लोग चावल उपयोग में लाने के बजाय बाहर फेंकने को मजबूर हो गए।

इस घटना ने न केवल खाद्य आपूर्ति विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि आम जनता के स्वास्थ्य को लेकर भी गंभीर चिंता पैदा कर दी है। लोगों का कहना है कि सरकार की जिम्मेदारी है कि वह नागरिकों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्यान्न उपलब्ध कराए। अब सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि क्या आर्थिक दबावों के चलते प्रदेश की जनता के स्वास्थ्य के साथ समझौता किया जा रहा है।

संवाददाता:शैलेश शर्मा