पुलिस और मीडिया कर्मियों को किया सम्मानित

उज्जवल हिमाचल ब्यूरो। शिमला

शिमलाय आज हिमाचल प्रदेश के शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज ने शिमला के रिज मैदान पर शिमला में दिन रात सेवा देने वाले पुलिसकर्मियों और मीडिया कर्मियों को सम्मानित किया। यह कार्यक्रम भारतीय जनता युवा मोर्चा शिमला मण्डल ने आयोजित किया था। सुरेश भारद्वाज ने कहा कि वैश्विक महामारी कोरोना वायरस ने पूरी दुनिया मे हाहाकार मचा रखा है। इस विकट स्थिति में पुलिस के जवान लगातार अपनी सेवाएं दे रहे हैं और गरीब असहाय लोगों को खाना व अन्य जरूरी सेवाएं देकर लोगो की मदद भी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मीडिया भी इस दौर में पल पल की जानकारी लोगों तक पहुंचा रहा है। ऐसे में मीडिया और पुलिस का हौंसला बना रहे इसलिए उन्हें सम्मानित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सारा भारत इस लड़ाई को एक साथ लड़ रहा है और हम दुनिया मे सबसे पहले इसपे विजय हासिल करेंगे। भारद्वाज ने कहा कि कोरोना भारत के लिए आत्मनिर्भर बनने के लिए भी एक अवसर है। वहीं भारतीय जनता युवा मोर्चा शिमला के अध्यक्ष परीक्षित शर्मा ने कहा कि पुलिस दिन रात जनता की सेवा में लगी हुई है और खासकर महिला पुलिस कर्मी जो इस मुश्किल दौर में अपने परिवार के साथ साथ बाहर सेवाएं दे रही है उनका धन्यवाद और होंसला बढ़ाने के लिए यह कार्यक्रम किया गयाहै। उन्होंने कहा कि मीडिया भी इस कोरोना के दौर में हर अपडेट अपनी जान जोखिम में डाल कर लोगों तक पहुंचा रहा है जो सराहनीय है।