केमिस्ट दुकानों पर पुलिस का औचक निरीक्षण, लाइसेंस और दवाओं के रिकॉर्ड खंगाले

उज्जवल हिमाचल । नूरपुर

नशे पर लगाम कसने और कानून का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस जिला नूरपुर ने बुधवार को जिले के सभी थाना क्षेत्रों और पुलिस चौकियों में फार्मास्युटिकल रिटेलर्स और केमिस्ट की दुकानों पर विशेष राज्य-स्तरीय जांच अभियान चलाया।

अभियान के दौरान पुलिस टीमों और स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने प्रमुख बाजारों, कस्बों और ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित मेडिकल स्टोरों का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान दवा विक्रेताओं के ड्रग लाइसेंस, दवाइयों के खरीद-बिक्री रिकॉर्ड, प्रतिबंधित एवं शेड्यूल दवाओं के स्टॉक, एक्सपायरी डेट और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की बारीकी से जांच की गई।

पुलिस ने सभी केमिस्ट और फार्मासिस्टों को स्पष्ट निर्देश दिए कि बिना वैध चिकित्सकीय पर्ची के किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित या नशीली दवा की बिक्री न करें। साथ ही स्टॉक और बिक्री का रिकॉर्ड पूरी तरह अद्यतन और पारदर्शी रखने के निर्देश भी दिए गए।

दिनभर चले इस विशेष अभियान के दौरान किसी भी मेडिकल स्टोर से नशीली दवा, साइकोट्रोपिक पदार्थ, प्रतिबंधित दवा या अन्य कोई संदिग्ध सामग्री बरामद नहीं हुई। पुलिस ने अभियान को सफल बताते हुए कहा कि भविष्य में भी ऐसे औचक निरीक्षण नियमित रूप से जारी रहेंगे, ताकि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाया जा सके और क्षेत्र में कानून व्यवस्था मजबूत बनी रहे।

संवाददाता : विनय महाजन 

Please share your thoughts...