नूरपुर में अतिक्रमण पर पुलिस की सख्ती, दो दुकानदारों के काटे चालान

उज्जवल हिमाचल।नूरपुर

नूरपुर के चौगान बाजार और सिविल अस्पताल के बाहर चंबा रोड पर लगातार बढ़ रहे अतिक्रमण को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सोमवार को सख्ती दिखाई। डीएसपी नूरपुर चंद्रपाल सिंह और थाना प्रभारी सुरेंद्र धीमान के नेतृत्व में पुलिस दल ने पूरे बाजार का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान सड़क किनारे अवैध रूप से सामान रखने और अतिक्रमण करने वाले दो दुकानदारों के चालान काटे गए, जबकि अन्य दुकानदारों को सख्त हिदायत दी गई कि वे अपनी दुकान की सीमा के भीतर ही व्यापार करें और सड़क पर अतिक्रमण न करें।

डीएसपी चंद्रपाल सिंह ने बताया कि पुलिस को इस संबंध में बार-बार शिकायतें मिल रही थीं, जिनका संज्ञान लेते हुए यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि शहर के भीतर बढ़ती ट्रैफिक समस्या को देखते हुए वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था भी लागू की गई है ताकि जाम की समस्या से राहत मिल सके।

स्थानीय नागरिकों ने बताया कि नूरपुर मीडिया द्वारा यह मुद्दा उठाए जाने के बाद ही पुलिस प्रशासन ने मौके पर कार्रवाई की है। लोगों ने उम्मीद जताई कि इस तरह की सख्त कार्रवाई से शहर में व्यवस्था बेहतर होगी।

संवाददाता :विनय महाजन