उज्जवल हिमाचल। कांगड़ा
बीती रात कांगड़ा के नगरोटा बगवां थाने के तहत एक मामला सामने आया जिसमे एक लाल रंग की होंडा सिटी गाड़ी में पिछली सीट की फुट मेट के नीचे चिट्टा मिला। मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी कांगड़ा अंकित शर्मा ने बताया कि पुलिस टीम कांगड़ा को एक गुप्त सूचना मिली और टीम ने तुरंत कार्यवाही करते हुए चाहड़ी में स्थित फ़ोरलेन के पास एक गाड़ी खड़ी पाई, जिसमे तीन व्यक्ति सवार थे।
वीरान जगह में इस तरह से खड़ी गाड़ी देख पुलिस की टीम को शक हुआ और जब गाड़ी में बैठे तीनो व्यक्तियों से पूछताछ की गई तो वह कोई भी संतोष पूर्वक जवाब ना दे पाए, तब उनकी गाड़ी की तलाशी नियम अनुसार अमल में लाई गई।
उन्होंने बताया कि बड़ी चतुराई से तीनो ने चिट्टा पिछली सीट के फ़ुटमैट के नीचे रखा था जिसको तोलने पर 7.11 ग्राम चिट्टा पाया गया। तीनो व्यक्तियों की पहचान अगम कुमार( चालक), निवासी बीरता, कांगड़ा व उम्र 23 वर्ष, अभिषेक पठानिया , निवासी मटौर, कांगड़ा व उम्र 25 साल तथा अजय चौधरी, निवासी पासू, धर्मशाला व उम्र 29 साल के रूप में हुई । उन्होंने बताया कि नगरोटा थाने में एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज करते हुए तीनो व्यक्तियों को गिरफ़्तार किया और आज उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा। उनके गिरफ़्तार होने के साथ साथ होंडा सिटी गाड़ी को भी पुलिस ने तफ्तीश के लिए अपने क़ब्ज़े में ले लिया है। पुलिस अब अन्वेषण में इस केस के फॉरवर्ड और बैकवर्ड कड़ियो का पता लगाने और उन्हें जोड़ने में जुट गई है।
संवाददाता: अंकित वालिया…





