धमेड़ पंचायत की नवनिर्वाचित प्रधान-उपप्रधान ने सुरेंद्र काकू से की मुलाकात

उज्जवल हिमाचल । कांगड़ा

कांगड़ा विकास खंड की ग्राम पंचायत धमेड़ की नवनिर्वाचित प्रधान किरण बाला और उप-प्रधान सुरेश कुमार ने आज कांगड़ा में पूर्व विधायक सुरेंद्र काकू से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान सुरेंद्र काकू ने दोनों जनप्रतिनिधियों को जीत की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं और पंचायत के सर्वांगीण विकास के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

मुलाकात के दौरान सुरेंद्र काकू ने कांगड़ा विकास खंड में कांग्रेस की विचारधारा से जुड़े अधिकांश प्रधानों और उप-प्रधानों के निर्वाचित होने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने इसे क्षेत्र की जनता का विकास और जनहित की राजनीति पर विश्वास बताया।

काकू ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है और आने वाले समय में क्षेत्र में विकास कार्यों को और अधिक गति मिलेगी। उन्होंने नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों से जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने और ग्रामीण विकास को प्राथमिकता देने का आग्रह किया।

पूर्व विधायक ने कहा कि कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र के विकास और लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए उनका संघर्ष लगातार जारी रहेगा। उन्होंने दोहराया कि उनका ‘गांव की ओर’ अभियान आगे भी जारी रहेगा, जिसके माध्यम से वे ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर लोगों की समस्याओं को सुनते रहेंगे और उनके समाधान के लिए प्रयासरत रहेंगे।

इस अवसर पर पंचायत के विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं और क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई।