उज्ज्वल हिमाचल। इंदौरा
प्रताप वर्ल्ड स्कूल इंदौरा-चनौर के विद्यार्थियों ने 8 से 14 जुलाई 2026 तक कैथलीघाट एवं शिमला में आयोजित हिमाचल प्रदेश स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप (राइफल, पिस्टल एवं शॉटगन) में शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय तथा पूरे इंदौरा क्षेत्र का नाम प्रदेशभर में रोशन किया। विद्यालय के उभरते हुए निशानेबाजों ने प्रतियोगिता में कुल 5 पदक (2 स्वर्ण, 2 रजत एवं 1 कांस्य) जीतकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। साथ ही सभी खिलाड़ियों का प्री-नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप के लिए चयन भी हुआ, जो विद्यालय के लिए अत्यंत गौरव का विषय है।
विद्यालय की प्रिंसिपल रेणु परमार एवं एम.डी. डॉ. ऋचा महाजन के कुशल नेतृत्व, मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन में खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में भाग लिया और उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय की झोली में पदक डाले। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों का प्रदर्शन इस प्रकार रहा | समर प्रताप (कक्षा 10-A) ने 10 मीटर एयर राइफल जूनियर पुरुष व्यक्तिगत वर्ग में स्वर्ण पदक जीता। इसके अलावा उन्होंने ओपन साइट 10 मीटर एयर राइफल पुरुष (एनआर) स्पर्धा में कांस्य पदक हासिल कर कुल दो पदक अपने नाम किए |जसकरण सिंह (कक्षा 10-B) ने ओपन साइट 10 मीटर एयर राइफल सब-यूथ पुरुष (एनआर) वर्ग में स्वर्ण पदक तथा ओपन साइट 50 मीटर एयर राइफल प्रतियोगिता में रजत पदक जीतकर दो पदक हासिल किए। अनिकेत सिंह (कक्षा 10-A) ने ओपन साइट 10 मीटर एयर राइफल जूनियर पुरुष (एनआर) वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया। आयुष कल्याण (कक्षा 12वीं) ने 10 मीटर एयर राइफल (एनआर) पुरुष व्यक्तिगत वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए फाइनल चरण तक अपनी जगह बनाई और अपने बेहतरीन खेल से सभी का ध्यान आकर्षित किया।
इस प्रकार विद्यालय के खिलाड़ियों ने 2 स्वर्ण, 2 रजत एवं 1 कांस्य सहित कुल 5 पदक जीतकर प्रताप वर्ल्ड स्कूल इंदौरा-चनौर और पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों का प्री-नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप के लिए चयन होना विद्यालय की उपलब्धि में चार चांद लगाने वाला क्षण रहा। विद्यालय की प्रिंसिपल रेणु परमार ने सभी विजेता खिलाड़ियों, उनके अभिभावकों एवं प्रशिक्षकों को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि विद्यार्थियों की लगन, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का ही परिणाम है कि विद्यालय के खिलाड़ी लगातार राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भी उत्कृष्ट मंच उपलब्ध कराने के लिए सदैव प्रयासरत है।
विद्यालय की एम.डी. डॉ. ऋचा महाजन ने खिलाड़ियों की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता पूरे विद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि सभी खिलाड़ियों का प्री-नेशनल चैंपियनशिप के लिए चयन इस बात का प्रमाण है कि विद्यालय में प्रतिभाओं को सही दिशा और उच्चस्तरीय प्रशिक्षण मिल रहा है। विद्यालय भविष्य में भी खेल प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण एवं आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराता रहेगा। विद्यालय के चेयरमैन, प्रबंधन समिति, शिक्षकों एवं अभिभावकों ने सभी खिलाड़ियों की इस ऐतिहासिक सफलता एवं प्री-नेशनल चैंपियनशिप के लिए चयन पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से विद्यालय में खुशी और उत्साह का माहौल है तथा एक बार फिर प्रताप वर्ल्ड स्कूल इंदौरा-चनौर ने राज्य स्तर पर अपनी उत्कृष्ट पहचान स्थापित की है।





