होली के त्योहार में ये काम करने से बचें गर्भवती महिलाएं, ऐसे रखें अपना ख्याल…

होली में गर्भवती महिलाओं को रखना होगा विशेष ध्यान

Pregnant women should avoid doing these things in the festival of Holi, take care of yourself like this
होली में गर्भवती महिलाएं ऐसे करें बचाव

उज्जवल हिमाचल। डेस्क

भारत की संस्कृति में त्योहारों का विशेष महत्त्व है। हर त्योहार पौराणिक कथाओं व लोककथाओं से जुड़ा होता है। इन्ही त्योहारों में एक त्योहार है होली का है। इस साल 17-18 मार्च को होली का त्योहार है। होली खुशियों का त्योहार है। कोरोना काल में होली का त्योहार पांबदियों के बीच मनाया गया। वहीं इस बार लोग होली को लेकर तैयारियां कर रहे हैं। इस पर्व में लोग अपने रिश्तेदारों, दोस्तों से मिल कर अपनी खुशियां बांटते हैं। एक दूसरे को रंग लगाते हैं, तरह तरह के पकवान का स्वाद लेते हैं। बहुत ही उत्साह के साथ रंगों का त्योहार मनाया जाता है। लेकिन कोरोना अभी भी खत्म नहीं हुआ है। इसलिए इस महामारी के बीच में होली मनाने को लेकर सतर्कता की जरूरत है। बच्चों, बुजुर्गों के अलावा गर्भवती महिलाओं को होली में खुद को अधिक संभालने की जरूरत है। होली में गर्भवती महिलाओं के लिए सतर्कता बरतना आवश्यक है, वरना किसी भी अनहोनी की संभावना बढ़ सकती है। इस होली अगर आप भी गर्भवती हैं और होली खेलना चाहती हैं तो आपको कुछ बातों का खास ध्यान रखना होगा। ताकि आप और आपका होने वाला बच्चा सुरक्षित रहे और खुशियों के इस त्योहार में किसी भी तरह का कोई खलल न पड़े।

सूखे रंगों से खेलें होली

होली का त्योहार हो और बात रंगों की बात न हो ऐसा हो ही नहीं सकता। होली में रंगों से खेला जाता है। लोग अबीर गुलाल से सूखी होली खेलते हैं तो कई लोग पानी के साथ गीली होली भी खेलते हैं। लेकिन वहीं गर्भवती महिलाओं को गीली होली खेलने से बचना चाहिए। क्योंकि चारों तरफ पानी होने से फिसलने का डर बना रहता है और ऐसी हालात में खुद का रखरखाव जरूरी है।

सिर्फ हर्बल रंगों से ही खेलें होली

होली का त्योहार आते ही कैमिकल वाले रंगों का बाजार में आना भी शुरु हो जाता है। ऐसे में अगर आप सूखी होली खेल रहे हैं तो भी रंगों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने की जरुरत है। कई सारे रंग केमिकल से तैयार होते हैं जो आपकी स्किन के लिए तो खराब होते ही हैं, वहीं एलर्जी होने का भी खतरा हो सकता है। गर्भवती महिलाओं की त्वचा काफी सेंसिटिव हो जाती है, केमिकल उन्हें नुकसान पहुंचा सकते हैं। इसलिए होली में हर्बल रंगों का इस्तेमाल करना चाहिए।

भीड़- भाड़ वाली जगहों से बचें

कोरोना से बचाव के लिए सामाजिक दूरी भी जरूरी है। ऐसे में गर्भवती महिलाओं को भीड़ से दूर रहना चाहिए और अधिक लोगों के सम्पर्क में भी आने से बचना चाहिए। लोगों से मुलाकात के समय मास्क पहनकर रखें।

होली में गर्भवती महिलाएं डांस करने से करें परहेज

होली का त्योहार शोरगुल और मस्ती का पर्व है। होली में नाच गाना और हुडदंग होना आम बात है। ऐसे में होली के मौके पर लोग डीजे या लाउड म्यूजिक लगाकर डांस करते हैं। लेकिन अगर आप गर्भवती हैं तो डांस करने से बचना चाहिए। इतना ही नहीं, जहां अन्य लोग डांस कर रहे हों, उस स्थान से भी दूर रहें। क्योंकि झूमने, थिरकने के दौरान कई बार धक्का लगने का भी डर होता है।