मुख्यमंत्री के कांगड़ा दौरे को लेकर तैयारियां तेज, अधिकारियों के साथ समन्वय बैठक आयोजित

उज्जवल हिमाचल।कांगड़ा

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी कड़ी में संयुक्त कार्यालय भवन कांगड़ा के सभागार में आज एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया।बैठक की अध्यक्षता उपाध्यक्ष हिमाचल पथ परिवहन निगम अजय वर्मा, कृषि उपज मंडी समिति के अध्यक्ष निशु मोंगरा तथा ईशांत जसवाल ने संयुक्त रूप से की। बैठक में तहसीलदार कांगड़ा दिव्या यादव, खंड विकास अधिकारी पारुल कटियार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में जानकारी दी गई कि मुख्यमंत्री का कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र का दौरा 23 जनवरी, 2026 को प्रस्तावित है। इस अवसर पर कार्यक्रम के आयोजन स्थल को लेकर विस्तृत चर्चा की गई तथा सभी अधिकारियों ने संभावित आयोजन स्थल का संयुक्त रूप से निरीक्षण भी किया। उपाध्यक्ष अजय वर्मा ने मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान प्रस्तावित उद्घाटन एवं शिलान्यास कार्यक्रमों को लेकर सभी विभागों से उनके अपने अंतर्गत आने वाले कार्यों का विस्तृत ब्यौरा प्राप्त किया।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी तैयारियां समयबद्ध, सुव्यवस्थित और आपसी समन्वय के साथ पूर्ण की जाएं, ताकि मुख्यमंत्री के दौरे को सफल बनाया जा सके। बैठक में सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता, पेयजल, बिजली एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर भी प्रारंभिक चर्चा की गई और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।