राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का हिमाचल दौरा संपन्न, पांच दिवसीय प्रवास के बाद दिल्ली रवाना

उज्जवल हिमाचल । शिमला

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का पांच दिवसीय हिमाचल प्रवास शुक्रवार को संपन्न हो गया। राष्ट्रपति शिमला के अन्नाडेल हेलिपैड से दिल्ली के लिए रवाना हुईं। दिल्ली लौटने से पहले उन्होंने शिमला स्थित आर्मी ट्रेनिंग कमांड (ARTRAC) में आयोजित सेना के एक विशेष कार्यक्रम में भाग लिया।

राष्ट्रपति की विदाई के दौरान हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल, मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, पंचायतीराज मंत्री अनिरुद्ध सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

राष्ट्रपति अपने प्रवास के दौरान शिमला के समीप छराबड़ा स्थित राष्ट्रपति निवास ‘द रिट्रीट’ में ठहरी थीं। उनके हिमाचल दौरे में अटल टनल रोहतांग, सिस्सू और 30 अप्रैल को पालमपुर कृषि विश्वविद्यालय का दौरा प्रस्तावित था, लेकिन खराब मौसम के चलते इन कार्यक्रमों को रद्द करना पड़ा। लगातार मौसम की खराबी के कारण निर्धारित कार्यक्रमों में बदलाव करना पड़ा, हालांकि शिमला प्रवास के दौरान राष्ट्रपति ने कई अहम कार्यक्रमों में भाग लिया।