उज्जवल हिमाचल । ज्वाली
तृप्ता पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल चलवाड़ा सहित पूरे ज्वाली क्षेत्र के लिए यह अत्यंत हर्ष और गौरव का विषय है कि विद्यालय के अनुभवी, मेहनती एवं कर्मठ प्रधानाचार्य राकेश राणा को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया है।
इस उपलब्धि पर विद्यालय के चेयरमैन बरिंद्र नरियाल एवं मैनेजमेंट कमेटी ने प्रधानाचार्य राकेश राणा को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। अपने संदेश में उन्होंने कहा कि प्रधानाचार्य राकेश राणा ने शिक्षा के क्षेत्र में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए आधुनिक और नवीन शिक्षण विधियों को अपनाया तथा समय-समय पर शिक्षकों को इनसे अवगत करवाया। इसका सकारात्मक परिणाम यह रहा कि विद्यालय के विद्यार्थियों ने शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपनी अलग पहचान बनाई है।
प्रधानाचार्य राकेश राणा ने विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने और उन्हें आगे बढ़ाने में विशेष योगदान दिया है। उनके कुशल मार्गदर्शन में छात्रों ने न केवल व्यक्तिगत उपलब्धियां हासिल कीं, बल्कि विद्यालय का नाम भी रोशन किया।
इस अवसर पर विद्यालय के होनहार विद्यार्थियों को भी शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वाले विद्यार्थियों में समर्थ डडवाल, अन्वी, इशानी धीमान, विभूति धीमान एवं कनिका चौधरी शामिल हैं।
इस गौरवपूर्ण अवसर पर विद्यालय के समस्त स्टाफ, चेयरमैन बरिंद्र नरियाल एवं मैनेजमेंट कमेटी ने प्रधानाचार्य राकेश राणा तथा सभी सम्मानित विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।





