छात्रों में मानसिक स्वास्थ्य एवं भलाई को बढ़ावा देने विषय पर कार्यक्रम आयोजित

उज्ज्वल हिमाचल। नूरपुर

मोंटेसेरी कैम्ब्रिज स्कूल, राजा का बाग, नूरपुर में आज “छात्रों में मानसिक स्वास्थ्य एवं भलाई को बढ़ावा देने“ विषय पर एक क्षमता निर्माण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। यह सत्र सीबीएसई के अनुभवी संसाधन व्यक्ति डॉ. शिवानी सिंह एवं नवदीप भंडारी द्वारा संचालित किया गया, जिन्होंने शिक्षकों को छात्रों की मानसिक भलाई सुनिश्चित करने हेतु व्यावहारिक उपायों एवं सटीक रणनीतियों से अवगत कराया। कार्यशाला में मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं की समय रहते पहचान, सहायक एवं सकारात्मक विद्यालयी वातावरण का निर्माण, तथा विद्यार्थियों के भावनात्मक विकास हेतु शिक्षकों की भूमिका पर विशेष बल दिया गया।

इंटरैक्टिव चर्चाओं और वास्तविक जीवन से जुड़े उदाहरणों के माध्यम से प्रतिभागियों को तनाव, चिंता एवं व्यवहार संबंधी समस्याओं को समझने और प्रभावी व सहानुभूतिपूर्ण ढंग से प्रतिक्रिया देने के तरीकों का प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रम अत्यंत सराहनीय रहा और मानसिक रूप से स्वस्थ, सुरक्षित एवं समावेशी विद्यालयी संस्कृति की ओर एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हुआ।

संवाददाता : विनय महाजन