जनता का मूड साफ है- उपचुनाव में सभी सीटें बीजेपी को जितानी है : सीएम

उमेश भारद्वाज। मंडी

प्रदेश में उपचुनावों की घोषणा होने के बाद पहली बार अपने गृहक्षेत्र सिराज पहुंचे मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का स्थानीय जनता ने भव्य स्वागत किया। इस दौरान मुख्यमंत्री चार जगहों पर लोगों से रू-ब-रू हुए और उन्हें संबोधित भी किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि मंडी लोकसभा और तीन विधानसभा सीटों पर भारतीय जनता पार्टी केंद्र की मोदी सरकार और राज्य सरकार की ओर से किए गए अभूतपूर्व विकास कार्यों के आधार पर चुनाव लड़ेगी और रिकॉर्ड वोटों से जीत हासिल करेगी। अचानक तय हुए कार्यक्रम के बीच मुख्यमंत्री को सुनने बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। जहां कार्यक्रम शाम को थे, वहां भी लोग उत्साह में सुबह ही पहुंच गए थे। मुख्यमंत्री ने गुरुवार सुबह 10 बजे बागाचनोगी, दोपहर 12 बजे भाटकीधार, दोपहर बाद साढ़े तीन बजे शिलीबागी और साम पांच बजे थुनाग में लोगों को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने लोगों से सीधा संवाद किया और पार्टी कार्यकर्ताओं से चुनाव के लिए कमर कसने को कहा।

नहीं थमने दिया विकास का पहिया
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार ने पूरे राज्य के हर क्षेत्र के लोगों की जरूरतों को समझते हुए करोड़ों के विकास कार्य किए हैं और कोरोना जैसी महामारी आने के बावजूद विकास की रफ्तार को थमने नहीं दिया। उन्होंने कहा कि भले ही बंदिशों के कारण उनका जनता के बीच जाना कम हुआ लेकिन फिर भी वर्चुअल माध्यम से उन्होंने हर विधानसभा क्षेत्र में करोड़ों के लोकार्पण और शिलान्यास किए। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब महामारी की स्थिति में सुधार हुआ है तो पिछले डेढ़ महीने में मैं 23 विधानसभा क्षेत्रों में गया। इस दौरान कहीं 200 करोड़, कहीं 250 करोड़ तो कहीं 300 करोड़ के विकास कार्यों के उद्घाटन और शिलान्यास हुए। कोई विधानसभा क्षेत्र ऐसा नहीं जहां 100 करोड़ से कम के विकास कार्य हुए हों। इसी को विकास कहा जाता है, इसी को विकास का नजरिया कहा जाता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सिराज सहित पूरे प्रदेश में पिछले वर्षों मे रिकॉर्ड विकास कार्य हुए हैं और आगे भी यह सिलसिला जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता अच्छी तरह से जानती है कि ईमानदार और दूरदृष्टि भरा शासन क्या होता है और चुनावों में किसे जिताना है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार और राज्य सरकार की नीतियों और योजनाओं से आम लोगों को सीधा लाभ पहुंचा है। कोरोना संकट का मुश्किल दौर आया, तब भी समय रहते जरूरी इंतजाम किए गए, ताकि लोगों को समय पर अच्छा इलाज मिले। सबको मुफ्त वैक्सीन दी गई और दूर-दूर के इलाकों तक पहुंचाई गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि मंडी लोकसभा सीट हमने 2014 में बड़े मार्जन से जीती, 2019 में भी ऐतिहासिक मार्जन से जीती। अब रामस्वरूप जी के न रहने पर हमें फिर चुनावों में जाना पड़ रहा है, मगर हम फिर इस सीट को रिकॉर्ड मतों के अंदर से जीतेंगे, इसमें कोई शक नहीं है।