किन्नर समुदाय के सात लोग काे किया क्वारेंटीन

पूजा शांडिल्य। ऊना

उपमंडल अंब के कलरूही में पुलिस ने पैदल जा रहे दो किन्नरों और उनके पांच सहयोगियों को रोककर उन्हें हराेली के पालकवाह में क्वारेंटीन किया है। बताया जा रहा है कि यह सभी लोग कांगड़ा से ऊना जा रहे थे। यह सातों लोग कर्फ्यू के दौरान पैदल ही ऊना के लिए ही निकले थे। पुलिस के मुताबिक सभी लोग उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिला के रहने वाले हैं।

जहां कांगड़ा की कचेहरी के पास अपनी गुरुमाता से मिलने आए हुए थे, लेकिन प्रदेश में 23 मार्च को लॉकडाउन लगने के बाद वे सभी कांगड़ा में ही फंस गए थे। बताया जा रहा है कि उक्त लोगों ने चंडीगढ़ जाने के लिए दो तीन बार ऑनलाइन पास अप्लाई भी किया था, लेकिन किन्ही कारणों से इनका पास नहीं बन पाया, जिस कारण वे करीब तीन दिन पहले कांगड़ा से पैदल ही ऊना स्थित अपनी किसी गुरुमाता के घर जाने के लिए निकले थे।

इनकी ऊना से पास बनाकर चंडीगढ़ जाने की योजना थी, लेकिन अंब पुलिस ने शनिवार दोपहर को इन सभी लोगों को कलरुही में पैदल ऊना जाते हुए पकड़ लिया। थाना प्रभारी अंग गौरव भारद्वाज ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने उक्त लोगों का सिविल अस्पताल अंब में स्वास्थ्य जांच करवाने के बाद उन्हें क्वारेंटीन सेंटर पालकवाह भेज दिया है।