उज्जवल हिमाचल । कांगड़ा
कांगड़ा में संगीता लाइब्रेरी और संगीता डायग्नोस्टिक्स एंड फिजियो सॉल्यूशंस की नई शाखा का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में कैबिनेट रैंक मंत्री आर.एस. बाली तथा एसडीएम कांगड़ा इशांत जसवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस अवसर पर आर.एस. बाली ने रिबन काटकर संगीता डायग्नोस्टिक, फिजियो सॉल्यूशन और संगीता पुस्तकालय का उद्घाटन किया तथा परिवार को इस सराहनीय पहल के लिए बधाई दी। उन्होंने डॉ. उदय चौधरी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह संस्थान समाज सेवा की भावना से प्रेरित होकर क्षेत्र के लोगों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करेगा।
डॉ. उदय ने बताया कि वर्ष 2023 से संगीता लाइब्रेरी और डायग्नोस्टिक लैब संचालित की जा रही है, जिसे अब और विस्तृत एवं आधुनिक स्वरूप दिया गया है। इससे विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए अधिक सुविधाजनक और प्रेरणादायक वातावरण मिलेगा।
अपने संबोधन में आर.एस. बाली ने कहा कि यह परिवार लंबे समय से समाज सेवा में अग्रणी रहा है। उन्होंने फिजियोथेरेपी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज के समय में बिना दवाइयों के स्वस्थ जीवन बनाए रखने में फिजियोथेरेपी अहम भूमिका निभा रही है। विदेशों में इसे जीवनशैली का हिस्सा माना जाता है और अब भारत में भी लोग इसके महत्व को समझने लगे हैं। संगीता डायग्नोस्टिक और फिजियो सॉल्यूशन क्षेत्रवासियों के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
उन्होंने युवाओं के लिए पुस्तकालयों की उपयोगिता पर भी जोर देते हुए कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए शांत और सकारात्मक वातावरण अत्यंत आवश्यक है। कई बार उपयुक्त माहौल न मिलने के कारण युवा अपने सपनों से पीछे रह जाते हैं। कांगड़ा में बढ़ती पुस्तकालय संस्कृति युवाओं को नई दिशा दे रही है, और संगीता पुस्तकालय भी हजारों विद्यार्थियों के भविष्य को संवारने में सहायक सिद्ध होगा।
संवाददाता: अंकित वालिया





